जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में 75 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी महोत्सव मनाते हुए संस्था के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया और बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर एक से एक बढ़कर प्रस्तुतियां दी। इस दौरान बच्चों को मेडल से सम्मानित किया। कार्यक्रम को ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों को समर्पित किया।
हरिद्वार में 15 अगस्त—2021 को जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय राष्ट्रीय युवा केंद्र हरिद्वार में स्वतंत्रता दिवस समरोह मनाते हुए संस्था की अध्यक्षा दीपा जोशी, कोषाध्यक्ष सुभाष घई, सचिव सुखबीर सिंह ढींढसा, केयरटेकर पदम प्रकाश शर्मा आदि ने ध्वजारोहण करते हुए शहीदों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि हम शहीदों के बलिदान से आजादी का समारोह मना रहे हैं, इसलिए उन्हें हमेशा दिलों में रखना है। उन्होंने कहा कि आजादी का सपना तभी सार्थक होगा, जब सभी मिलकर देश में अमन चैन स्थापित कर सके और देश में कोई भूखा नहीं रहे और सभी को घर मिल सके। इसके बाद केंद्र के सभागार में देशभक्ति के कार्यक्रम हुए। जिसमें बच्चों ने एक से एक बढ़कर कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत पर नृत्य करते हुए देशभक्ति का संदेश देते हुए तिरंगा का महत्व बताया।

संस्था की अध्यक्षा दीपा शर्मा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले लोगों के बलिदान से ही आज आजाद होकर जीवन जी रहे हैं। देश ने आज सभी क्षेत्रों में तरक्की की है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि देश को युवाओं पर गर्व है। युवाओं ने ओलंपिक में पदक जीतकर दुनिया में तिरंगे का सम्मान बढ़ाया है। आज युवाओं को उनसे सीख लेकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए, ताकि ये सम्मान निरंतर बना रहे।
सचिव सुखबीर सिंह ढींढसा ने कहा कि आज युवाओं ने दुनिया में भारत का हर क्षेत्र में नाम रोशन किया है। केयरटेकर पदम प्रकाश शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन कमलप्रीत कौर ने किया।
इस मौके पर कुलदीप सिंह, ललित शर्मा, अंजू द्विवेदी, हिमांशु द्विवेदी, अरुण शर्मा, विभोर चौधरी, कोच शिवम आहूजा, कमलप्रीत कौर, जाकिर, ललित आदि शामिल हुए।