जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिप्टी कलेक्टर के तबादले किए हैं। जिनमें हरिद्वार को चार महिला डिप्टी कलेक्टर के रूप में मिली है। अब इनके हरिद्वार आने से तहसीलों के एसडीएम बदले जाएंगे। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं में बदलाव होगा।
तीन दिन पहले प्रदेश में 24 डिप्टी कलेक्टर के तबादले करते हुए दूसरों जिलों में भेजे गए। जिनमें से हरिद्वार को चार डिप्टी कलेक्टर मिले। जिनमें से शालिनी मोर्य को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी गढ़वाल से डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार, नीतू डागर को डिप्टी कलेक्टर चम्पावत से डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार, मंजू राजपूत को डिप्टी कलेक्टर टिहरी से डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार, कुमकुम जोशी को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार भेजा गया। हालांकि हरिद्वार से केवल एक सीनियर पीसीएस जितेंद्र कुमार का तबादला हुआ था। लेकिन अब जब हरिद्वार में चार एसडीएम की ज्वाइनिंग हुई तो अब कयास लगाए जाने लगे हैं कि जल्द ही तहसीलों के एसडीएम बदले जाएंगे। सूत्रों की माने तो कई एसडीएम अपने पद पर डटे रहने के लिए राजधानी में परिक्रमा कर यथावत बने रहना चाहते हैं। हालांकि हरिद्वार में तैनाती के तीन साल का समय पूरा नहीं हुआ है।
