जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक ही चोर से 10 बाइकें बरामद की है। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए बाइकें चोरी करने लगा।
कोतवाली बहादराबाद प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से 05 मोटरसाइकिलें थाना बहादराबाद में पंजीकृत वाहन चोरी के 05 अभियोगों से संबंधित पाई गई हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण हुआ है।
चेकिंग के दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते से एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की और आवश्यक जांच के लिए उसे मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त मोटरसाइकिल उसने आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।
आरोपी से गहन पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम गंगनहर किनारे जंगल में पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 09 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
इसके अतिरिक्त आरोपी की निशानदेही पर 05 अन्य संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। इनमें बजाज पल्सर एवं हीरो स्प्लेंडर प्लस आदि मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व एवं चोरी से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व में भी थाना पिरान कलियर एवं थाना भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी प्रकाश में आया है, जिसके संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
नाम पता आरोपित
दीपक पुत्र सुंदर लाल निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार
उम्र 27 वर्ष
बरामदगी
मोटर साइकिलें – 10, जिनमें 05 वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित और 05 अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें। बजाज पल्सर एवं हीरो स्प्लेंडर प्लस आदि बाइकें बरामद हुई है।
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
बाजार चौकी प्रभारी एसआई विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह का सहयोग रहा।
