जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। सेवा भारती, हरिद्वार जिला द्वारा संघ कार्यालय में हरिद्वार नगर के सभी सेवा केन्द्रों के बच्चों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 15 केन्द्रों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक टीम में 3-3 बच्चे शामिल रहे। प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए 3 राउंड रखे गए। बजर राउंड में बच्चों ने पूजा की घंटी बजाकर उत्तर देने का संकेत दिया, जिसे सभी ने खूब सराहा।
प्रतियोगिता में गौरा देवी महिला कला केन्द्र की टीम विजेता रही। विजेता टीम एवं केन्द्र की शिक्षिका उषा धीमान जी को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्चना जैन, डॉ. कल्पना चौधरी, व्यवसायी मनीष मित्तल एवं विभाग प्रचारक राकेश उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को राजीव माहेश्वरी, सुनीता, ग्रीष्मा एवं श्रीमती शालिनी द्वारा भारत माता का चित्र भेंट किया गया।

इस मौके पर आरएसएस के विभाग प्रचारक राकेश ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा,बच्चे बड़े होकर चाहे डॉक्टर बनें या इंजीनियर, सदैव माँ भारती की जय करें भी और कहें भी। जीवन में चाहे कितनी भी उन्नति करना, लेकिन अपने देश से सदैव प्रेम करना। जब आप दूसरों के लिए अच्छा सोचते हैं तो आप स्वयं भी आगे बढ़ते हैं। हमारे मन, वचन और कर्म में भारत माता के प्रति आदर का भाव रहना चाहिए।
डॉ. कल्पना चौधरी ने बच्चों को जीवन में अनुशासन का महत्व बताया। अर्चना जैन ने कहा कि सेवा भारती समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। मनीष मित्तल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चे अपनी संस्कृति को समझ और जुड़ सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन नेहा जोशी ने किया। यह प्रतियोगिता जिला शिक्षा आयाम, सेवा भारती द्वारा आयोजित की गई।
इस अवसर पर दीपक सिंघल, राजीव माहेश्वरी, सुनीता, शालिनी अग्रवाल, ग्रीष्मा, नीलम, रूबी, काजल, सृष्टि, रचना धीमान, रचना, बीनू तोमर, नेहा, मुस्कान, सोनी देवी, सिमरन, रीना, उषा धीमान, रेनू सहित नगर के सभी केन्द्रों की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

