जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कांग्रेस से हरिद्वार लोकसभा प्रत्याशी रहे पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र की गाड़ी के ड्राइवर ने कचहरी में अधिवक्ताओं को दबंगई दिखाई। गुस्साए अधिवक्ता ने ड्राइवर को थप्पड़ रसीद कर दिए। हंगामा होते हुए कांग्रेस के नेताओं ने वकीलों से माफी मांगने में भलाई समझी।

सोमवार को कांग्रेस के नेता कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने गए थे। ज्ञापन सौंपने के बाद लोकसभा प्रत्याशी रहे वीरेंद्र सिंह रावत समर्थकों के साथ कचहरी परिसर में पहुंच गए। कचहरी पहुंचने के बाद उनकी गाड़ी को ड्राइवर ने बीच रास्ते में लगा दिया। इससे वकीलों को आवागमन में परेशानी होने लगी। इस दौराव एक अधिवक्ता अपनी स्कार्पियों को लेकर वहा से निकल रहे थे। परेशानी होते देख एक अधिवक्ता ने ड्राइवर को इनोवा को साइड में करने को कहा। लेकिन ड्राइवर कार को हटाने के बजाय अधिवक्ता को तू—तड़ाक से बोलने लगा। तू—तड़ाक सुनते ही युवा अधिवक्ता ने ड्राइवर को थप्पड़ रसीद कर दिया। थप्पड़ की गूंज सुनते ही मौके पर अधिवक्ता पहुंचने लगे। एक सीनियर महिला अधिवक्ता ने खूब खरी खोटी सुनाई। वहीं, कांग्रेस नेता भी गाड़ी के पास पहुंचे और अधिवक्ताओं को माफी मांगते हुए निकल गए। थप्पड़ की गूंज पूरी कचहरी में रही। अधिवक्ताओं ने कांग्रेस के प्रति आक्रोश जताया।

