जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं की संवेदनशीलता खत्म हो गई है। उनके रैली के वाहन से कुचले गए दो युवकों को सत्ता हथियाने के चक्कर में तड़फता छोड़ भाग निकले। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दो घरों के चिराग बुझ गए और जवान बेटों का गम उन्हें हमेशा सालता रहेगा। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि व्यक्ति को कभी मानवता नहीं भूलनी चाहिए।

ये था मामला
सोमवार को देहरादून में कांग्रेस की रैली थी। रैली में शामिल होने के लिए क्षेत्र के गांवों से कांग्रेस नेताओं से भरी टैंपों ट्रैवलर हरिद्वार की ओर आ रही थी। वहीं, फेरुपुर की ओर से बाइक एचएफ डीलक्स UK 08AW 8867 नंबर से सवार दो युवक अपने गांव नसीरपुर कलां की ओर जा रहे थे। जोकि सामने से आ अनियंत्रित गति से आ रहे टैंपों ट्रैवलर ने गलत दिशा में आकर बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। युवकों की पहचान अनुज पुत्र लेविन उर्फ पप्पू उम्र करीब 25 वर्ष और आशीष पुत्र ऋषि उम्र 20 निवासी नसीरपुर कलां थाना पथरी के रूप में हुई। हादसा धनपुरा से आगे रविदास मंदिर के पास हुआ। मौके पर एकत्रित हुए स्थानीय लोग और पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जब तक पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो कांग्रेस नेता दूसरे वाहनों से भागने में कामयाब रहे। यहां तक वे युवकों को तड़फते हुए छोड़ गए।
पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। उन्होंने बताया कि मृतकों की बाइक और टेंपो ट्रैवलर UK 04PH 1376 को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी पर लाकर दाखिल किया गया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने दी सांत्वना
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दो जवान युवकों की एक्सीडेंट में मृत्यु होने की सूचना मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस नेताओं के द्वारा घटनास्थल से गायब होने पर निंदा की। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि क्षेत्र के दो परिवारों के चिराग बुझ गए, लेकिन असंवेदनशील नेता सत्ता हथियाने के चक्कर में मानवता भी भूल गए। उन्होंने कहा कि मृतक परिजनों के दुख से वे पीड़ा में हैं और परिजनों की हर संभव सहायता की जाएगी।

