जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
नैनीताल से घूमकर आ रहे मिलक इलाके के परिवार की कार बुधवार रात साढ़े दस बजे डंपर से टक्कर के बाद आग का गोला बन गई। इस हादसे में महिला सिपाही लता सिंह (25) और उनके दो साल के बेटे लड्डू की जान चली गई। कार में सवार लता के चचेरे ससुर रवि कुमार बुरी तरह झुलस गए। आग इतनी भीषण थी कि दमकल टीम को भी काबू पाने में खासा वक्त लगा। हादसे के समय कार सीएनजी से संचालित थी। दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में हुआ। सिपाही लता सिंह के पति दान सिंह की यह दूसरी शादी थी, पहली पत्नी का बाइक हादसे में देहांत हो गया था।
पुलिस ने बताया कि कार में मिलक के बेहटरा गांव निवासी दान सिंह अपनी पत्नी लता, दो साल के बेटे लड्डू और अपने चाचा बरेली के जमालपुर निवासी रवि कुमार के साथ सवार थे। दान सिंह किराये पर कारें चलवाते हैं, जबकि उनकी पत्नी लता सिंह श्रावस्ती में सिपाही के पद पर तैनात थी और दस दिन की छुट्टी पर थी।

ये सभी नैनीताल घूमने के बाद स्वार होते हुए मिलक इलाके में अपने गांव लौट रहे थे। दान सिंह खुद ही अपनी स्विफ्ट कार चला रहे थे। जिले के काशीपुर गांव के पास से गुजरते समय कार को सामने से आ रहे डंपर ने साइड से टक्कर मार दी, जिससे कार में आग लग गई।
कार में लपटें फैलती देख भीतर बैठे लोग बचाव में बाहर कूदने लगे। दान सिंह का दो साल का बेटा लड्डू और पत्नी लता कार में ही थे। उन्हें निकालने की कोशिशों से पहले ही कार पूरी तरह आग में घिर गई। गैस से फैली आग को आसपास के लोग बुझाने में कामयाब नहीं हो सके।
इस बीच पुलिस और दमकल टीम पहुंच गई। पुलिस और दमकल टीम ने जैसे-तैसे लता और उसके बच्चे लड्डू को बाहर निकाला लेकिन तब तक लड्डू दम तोड़ चुका था। एएसपी अनुराग सिंह, गंज थाना प्रभारी पवन शर्मा ने बुरी तरह झुलसी लता और रिश्तेदार रवि को नजदीकी निजी अस्पताल भेजा, जहां से लता को बरेली रेफर किया गया।
बरेली ले जाते समय लता की भी सांसें थम गईं। पुलिस ने बताया कि हादसे का कारण बने डंपर को लेकर चालक भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। झुलसे रवि का इलाज चल रहा है।
कुछ दूर पहले ही पेट्रोल से गैस पर की थी कार
पुलिस के मुताबिक हादसे में झुलसे रवि ने बताया कि काशीपुर गांव से कुछ पहले कार में पेट्रोल खत्म हो गया था। इसके बाद कार को सीएनजी मोड पर लिया था। कुछ आगे बढ़ते ही डंपर ने साइड से कार में टक्कर मारी, जिसके बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई।

दो सप्ताह पहले ही खरीदी थी कार
हादसे में झुलसे बरेली के जमालपुर गांव निवासी दान सिंह के चाचा रवि ठाकुर ने बताया कि दो सप्ताह पहले ही भतीजे ने यह स्विफ्ट कार खरीदी थी। नई कार की खुशी में ही पूरा परिवार नैनीताल घूमने गया था।
कूदने के बाद आई बालक की याद
पुलिस ने बताया कि कार में आग लगते ही दान सिंह बाहर कूद गए। रवि झुलसे लेकिन बाहर निकल आए। उसके बाद मासूम बेटे के भीतर होने का अहसास हुआ। जब तक उधर दौड़े तब तक आग बुरी तरह भड़क चुकी थी। नजदीक के पेट्रोल पंप से अग्निश्मन यंत्र लेकर आग पर काबू की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस और दमकल टीम काफी मशक्कत के बाद आग बुझा सकी।
पांच साल पहले हुए हादसे में जा चुकी पहली पत्नी की जान
ग्रामीणों ने बताया कि दान सिंह के साथ पांच साल पहले भी सड़क हादसा हुआ था। बाइक से हुए उस हादसे में उनकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। उसके बाद ही महिला सिपाही लता से दूसरी शादी की थी। इस शादी को चार साल ही हुए थे।

