जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। सनातन धर्मावलंबियों को एक मंच पर लाने के लिए तीर्थ सेवा न्यास के बैनर तले विश्व सनातन महापीठ के शिलापूजन कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना बनाई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की मुहिम के ​तहत पौधारोपण करने का निर्णय लिया।
रविवार को तीर्थ सेवा न्यास के तीर्थ सेवकों की बैठक कनखल स्थित पानप देव आश्रम में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी “विश्व सनातन महापीठ” के उद्घोषणा एवं शिला पूजन कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी एवं #Save5G अभियान को राष्ट्रव्यापी स्तर पर गति देने के लिए रणनीति तय की। न्यास के अध्यक्ष तीर्थाचार्य राम विशाल दास महाराज ने कहा कि “विश्व सनातन महापीठ केवल एक भवन नहीं, बल्कि यह आने वाले युग में सनातन धर्म, संस्कृति और वैदिक शिक्षा के पुनर्जागरण का केंद्र बनने जा रहा है। इसमें सनातन संसद भवन, आधुनिक वैदिक गुरुकुल, संत निवास, यज्ञशालाएँ और सनातन टाइम म्यूज़ियम जैसे दिव्य प्रकल्प शामिल होंगे। यह परियोजना सम्पूर्ण विश्व के सनातन अनुयायियों को एक सूत्र में बांधेगी।”
राम विशाल दास महाराज ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियाँ पूरे वेग से चल रही हैं, और 21 नवम्बर 2025 को भूपतवाला में “उद्घोषणा एवं शिला पूजन समारोह” भव्य रूप में आयोजित होगा।
महामंत्री महंत ओमदास ने कहा “विश्व सनातन महापीठ, समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह केंद्र न केवल धर्म की पुनर्स्थापना का कार्य करेगा बल्कि युवाओं में वैदिक चिंतन, शिक्षा, सेवा और स्वावलंबन की भावना जागृत करेगा।”
बैठक में मुख्य समन्वयक शिशिर चौधरी एवं उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तीर्थ सेवकों को इस महायज्ञ में पूर्ण समर्पण से जुटना होगा ताकि यह युग परिवर्तन की नींव बन सके।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि तीर्थ सेवा न्यास के “#Save5G अभियान” को जनजागरूकता के नए माध्यमों से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध पर्यावरण और सुरक्षित जीवन मिले। इस अभियान के अंतर्गत 30 नवम्बर 2025 को हरिद्वार में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि विश्व सनातन महापीठ को “सनातन धर्म के नव उदय का केंद्र” बनाया जाएगा और यह कार्य पूर्णतः समाज एवं संत समाज के सहयोग से सम्पन्न होगा।
बैठक में तीर्थ सेवक एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, राजेश मोहन गुप्ता, बिजेंद्र सिंह चौहान, सिद्धार्थ कौशिक, कमलेश्वर प्रतीक त्रिपाठी, नीरज सिंह, गगन आहुजा, रामेश्वर चतुर्वेदी, अश्वनी चौहान, डॉ. सोनिया चेकर, विनोद कुमार चौहान, श्रीकान्त, विशाल आर्य, राजपाल, प्रेमचन्द, योगेन्द्र कुमार दुबे एम, राजेश अरोड़ा, राकेश गुप्ता एल, संजय कुमार, अमित बिश्नोई, पवन, विवेक मिश्रा, गुलशन पाठक आदि बड़ी संख्या में तीर्थ सेवक मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *