मैनपुरी के बरनाहल क्षेत्र के रहने वाले दो दोस्तों के लिए सड़क में एक गड्ढा काल बन गया। युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में चीत्कार मचा हुआ है।

मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र में बटरौली मोड़ के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार बरनाहल क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक बरेली डिपो में संविदा चालक और दूसरा परिचालक था।

थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव बेंगाई निवासी दयानंद (28) बुधवार को अपने साथी गांव चिरैयापुर कनिकपुर निवासी सुमित कुमार (25) के साथ मैनपुरी दवा लेने के लिए आए थे। शाम के समय दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। बाइक जब आगरा मैनपुरी मार्ग थाना दन्नाहार क्षेत्र में बटरौली मोड़ के पास पहुंची। तभी किसी तरह से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया। संपर्क कर मृतक के परिजन को हादसे की सूचना दी। हादसे की सूचना मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मोर्चरी पहुंचे।

रोडवेज में संविदाकर्मी थे दयानंद और सुमित

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक रोडवेज में संविदा पर तैनात थे। बरेली डिपो में सुमित चालक और दयानंद परिचालक था। वह लोग छुट्टी पर गांव आए हुए थे और बुधवार को बाइक पर साथ ही दवा लेने शहर आए थे। वापस लौटते समय दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *