ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार। हरिद्वार के श्री बालाजी ज्वैलर्स शोरूम में हुई कई करोड़ के सोने के आभूषणों की डकैती में पुलिस कई गैंगों की कुंडली खंगाल रही है। जिस तरीके से डकैती डालने का मामला सामने आया है इसी तरह से बिहार का सुबोध गैंग दिनदहाड़े डकैती को अंजाम देता है। अभी तक वह देश के 7 राज्यों के प्रतिष्ठानों से करीब 400 किलोग्राम सोना लूट चुका है। उसके गैंग में 200 से ज्यादा शातिर बदमाश हैं। इनमें से कई सरगना सुबोध के साथ पटना की बेउर जेल के साथ अन्य प्रदेशों की जेलों में भी बंद है। सुबोध बिहार के बेअर जेल से चैन स्नैचर्स और सोना लूटने का वालों का इंटरव्यू लेता है और फिर अपनी गैंग में शामिल करता है। सुबोध का गैंग डकैती डालकर नेपाल, पश्चिम बंगाल में ले जाकर उसे खपा देता है।
ये गैंग 7 राज्यों में सक्रिय है। उत्तराखंड के देहरादून, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, चेन्नई, ओडिशा में वारदातों को अंजाम दे चुका है। इन राज्यों में सुबोध के नाम से कई केस दर्ज हैं। कुछ इसे 8वीं पास तो कुछ 12 वीं पास बताते हैं।
देश में पिछले आठ सालों में सोने की लूट में सुबोध गैंग का नाम सामने आया। बेउर जेल में इस गैंग के करीब रहे कैदी ने और क्या बताया…
1. जेल में बदमाशों पर नजर रखते हैं गैंग के गुर्गे, सुविधाएं देते हैं
कैदी ने बताया, ‘गैंग में नए चोरों की बहाली बेउर जेल से ही होती है। जैसे ही जेल में चैन स्नैचिंग के मामले में कोई अपराधी पकड़ा जाता है, वैसे ही सुबोध सिंह और उसके गुर्गे उस पर नजर बना लेते हैं। चयन के बाद उसको जेल में VIP सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाती हैं।
2. फिर ब्रेन वॉश करते हैं… कहते हैं- बड़ा करना है तो गैंग में आ जाओ…
जैसे ही बदमाश को लगने लगता है कि सुबोध उसका हमदर्द है। सुबोध और उसके गुर्गे उस चोर का ब्रेन वॉश करते हैं। उसे बताते हैं कि छोटी-मोटी चोरी से कोई फायदा नहीं है अगर कुछ बड़ा करना है तो हमारे गैंग में शामिल हो जाओ।
3. गैंग पहले बेल करवाता…फिर ट्रेनिंग देता
सुबोध पहले चयन किए गए बदमाश की जमानत करवाता है। जब वह बाहर निकल जाता है तो जेल के बाहर के गुर्गे उसे ट्रेनिंग देते हैं। बताते हैं कि कैसे सोना लूटना है। उसके लिए क्या करना है।
4. हर महीने सैलरी और इंसेंटिव
सुबोध अपने गुर्गों का खास ख्याल रखता है। कुछ चोरों को तो सुबोध तनख्वाह भी देता है, ताकि वो सुबोध के वफादार बने रहें। इसके साथ ही बड़ी लूट पर इंसेंटिव भी मिलता था।
अब जानते हैं… लूट को कैसे अंजाम देता है यह गैंग
कैदी ने बताया, ‘ये गैंग ज्यादातर मण्णपुरम गोल्ड लोन कंपनी को ही टारगेट करता है। गैंग के लोग होटल में नहीं रुकते हैं। जिस शहर की मण्णपुरम गोल्ड लोन ब्रांच में लूट करनी होती वहां इस गैंग का एक सदस्य पहले नाम बदलकर रूम लेता है। ये शख्स खुद को स्टूडेंट बताता है और फर्जी आधार दिखाकर कमरा ले लेता है। इसके बाद वो लूट करने के लिए ब्रांच की 7-8 दिन रेकी करता है। पूरा प्लान बनाने के बाद वो गिरोह के बाकी लोगों को बुलाता है।’
कैदी के मुताबिक, ‘खुद को अधिकारी बताते हुए 7-8 लोग मण्णपुरम गोल्ड लोन की ब्रांच में दाखिल होते। अंदर दाखिल होते ही ये लोग सबको गन पॉइंट पर ले लेते और फिर सोना लूटकर वहां से भाग निकलते। लूट के बाद ये लोग तुरंत शहर नहीं छोड़ते कुछ दिन उसी किराए के कमरे में रहते। मामला थोड़ा ठंडा होने के बाद वहां से निकलते थे।
नेपाल और कोलकाता में खपाते हैं सोना
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लूटे हुए सोने को नेपाल और पश्चिम बंगाल ले जाता है। यहां गलाने के बाद उसे बेच देता है। इसका दावा है कि देश में अब तक जितनी भी गोल्ड की लूट हुई है। उसका 70% सोना इसी गैंग ने लूटा।
—————————————

07 राज्यों में लगभग 400 किलो सोना लूटने वाले गिरोह का सरगना सुबोध सिंह अपने कारनामों के लिए पूरे देश के अपराध जगत में मशहूर है। बताया जाता है कि सुबोध सिंह गैंग के किसी राज्य में सोना लूटने के लिए फ्लाइट से जाते हैं। वहीं जानकारी मिल रही है कि सुबोध सिंह बेउर जेल में ही छाेटे-माेटे अपराधियाें काे ट्रेनिंग देता है।
सुबोध के गैंग ने लूटा करीब 400 किलो सोना
सुबोध को करीब 6 साल पहले एसटीएफ ने पटना के दनापुर से दबाेचा था। तब वह दानापुर में 15 किलाे साेना के साथ प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। पटना में चार, वैशाली में चार और बिहार के बाहर सुबोध पर करीब 30 केस दर्ज हैं। ट्रायल चलने की वजह से दूसरी राज्य की पुलिस उसे रिमांड पर नहीं ले पा रही है। बिहार समेत छह राज्याें में करीब 400 किलाे साेना लूटने वाले गिराेह का सरगना सुबोध सिंह पिछले 6 साल से बेउर जेल में बंद है।
सुबोध सिंह पर 7 राज्यों में दर्ज हैं 30 से अधिक केस
अपराध की दुनिया में गोल्डेन थीफ के नाम से चर्चित सुबाेध पर वैशाली में चार केस दर्ज हैं। बिहार से बाहर उसपर मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बंगाल, उत्तराखंड के देहरादून समेत छह राज्याें में इस सरगना पर करीब 30 केस दर्ज हैं। सुबोध सिंह बेउर जेल में रहते हुए वहां बंद छाेटे-माेटे अपराधियाें का ब्रेनवाॅश कर उसे साेना लूटने की ट्रेनिंग देता है। वह उन्हें हर सुविधा देता है। यहां तक कि वह अपने गिराेह के लुटेराें काे विमान से लूट करने काे भेजता है। महंगे हाेटल में या किराए के मकान में रखवाता है। घटना के बाद उसके लुटेरे सड़क या ट्रेन से वापस लौटते हैं। सुबाेध बेउर जेल से ही पूरे गैंग काे ऑपरेट करता है।


इंटर पास है सुबोध, वैशाली से की थी शुरुआत
इंटर पास सुबोध का काेई सगरना नहीं है। वह पहले वैशाली के अपराधियाें के साथ साेना लूट किया करता थ। लेकिन, धीरे-धीरे उसने पूरा गिराेह खड़ा कर लिया। सुबाेध मुथुट, मण्णपुरम या इसी तरह की संस्थानाें में हथियार के बलपर लूट करता या करवाता है जहां एक बार में 15-20 किलाे साेना मिल जाए। छह साल पहले जनवरी 2018 में बिहार एसटीएफ ने सुबाेध काे दानापुर से उस वक्त गिरफ्तार किया था जब वह प्रेमिका से मिलने आया था। एसटीएफ ने उसके शरीर से डेढ़ किलाे साेना और बैग से करीब 15 किलाे साेना के साथ ही पिस्टल व देसी कट्टा बरामद किया था। तभी से वह बेउर जेल में बंद है। खास बात यह है कि जब वह पकड़ गया ताे उसने पुलिस काे छाेड़ने के लिए 50 लाख का ऑफर भी किया था।
पूर्णिया तनिष्क लूटकांड में अहम भूमिका
सुबोध सिंह के खिलाफ पटना के दानापुर, रूपसुपर, हाजीपुर में दर्ज चार केस का ट्रायल चल रहा है। ट्रायल चलने की वजह से दूसरे राज्याें की पुलिस पहले उसे रिमांड पर नहीं ले जा रही थी। हालांकि पिछले महीने बंगाल पुलिस की एसटीएफ़ सुबोध सिंह को रिमांड पर ले गई। फिलहाल वह बैरकपुर जेल में बंद है। बैरकपुर का ही एक अपराधी पूर्णिया के तनिष्क शोरूम में शामिल था। मतलब साफ है सुबोध ने बेऊर से लेकर पश्चिम बंगाल तक पूर्णिया के तनिष्क शोरूम लूट कांड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चंदन माना जाता है सुबोध सिंह का दाहिना हाथ
2022 में धनबाद में हुए साेना लूट के दाैरान वहां की पुलिस ने सुबाेध के एक गुर्गे काे एनकाउंटर कर मार गिराया था। वहीं उस दौरान गैंग का एक सदस्य घायल हाे गया था। सूत्राें के अनुसार, वैशाली में भी सुबाेध के एक लुटेरे काे एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया था। बिहार एसटीएफ सुबाेध के करीब 30 लुटेराें काे जेल भेज चुकी है। सुबोध के अलावा बेउर जेल में बंद चंदन सुबोध सिंह का दाहिना हाथ है उसकी भी तनिष्क लूट कांड में अहम भूमिका रही है।


————————————
कुख्यात बदमाश है सुबोध
बदमाश सुबोध के विरुद्ध वर्ष 2009 में थाना डीडी नगर, रायपुर, छत्तीसगढ़ में डकैती व इसी वर्ष थाना बगुआती, कोलकाता में आइओबी बैंक में 19 लाख की लूट, वर्ष 2010 में थाना देवेंद्रनगर, रायपुर, छत्तीसगढ़ में डकैती, वर्ष 2016 में थाना जरीपट्टी, महाराष्ट्र में मणप्पुरम में 29 किलो सोने की डकैती, इसी वर्ष थाना बैरकपुर बडानगर, बंगाल में मणप्पुरम में पौने 22 किलो सोने की डकैती, वर्ष 2017 में थाना मानसरोवर, जयपुर में मुथूट फाइनेंस में 27 लाख रुपये की लूट, इसी वर्ष थाना हीरापुर, बंगाल में 56 किलो सोने की लूट का मामला दर्ज है।
सुबोध के खिलाफ कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे
इसके साथ ही फरवरी 2017 में थाना बनियापुर, कोलकाता में डकैती, थाना दुर्गापुर बंगाल, थाना अंबिकापुर छत्तीसगढ़, थाना चटर्जीहाट बंगाल, थाना सिपरापथ जयपुर में डकैती, वर्ष 2018 में थाना राजीवनगर, पटना में आर्म्स एक्ट, इसी वर्ष थाना रूपसपुर, पटना में गैर इरादतन हत्या व आर्म्स एक्ट, थाना रुपसपुर पटना में धोखाधड़ी, वर्ष 2019 में थाना हाजीपुर टाउन बिहार में गैर इरादातन हत्या, वर्ष 2020 में थाना हाजीपुर सदर, बिहार में हत्या, थाना हाजीपुर सदर बिहार में आर्म्स एक्ट, वर्ष 2022 में थाना भिवाड़ी, राजस्थान में एक्सिस बैंक में 90 लाख रुपये व 30 लाख के सोने की डकैती, थाना प्रतापनगर, उदयपुर, राजस्थान में मणप्पुरम गोल्ड में 24 किलो सोना व 11 लाख रुपये नकद की डकैती और इसी वर्ष थाना रंगनाथ, मध्य प्रदेश व मणप्पुरम गोल्ड में 16 किलो सोने व पांच लाख रुपये की डकैती का मुकदमा दर्ज है।


गिरोह ने इन राज्यों में की वारदात
देहरादून — नवंबर—2023 को देहरादून के रिलायंस ज्वैल्स में की थी लूट, चार बदमाश शोरूम के अंदर घुसे और एक बाहर खड़ा हो गया। बदमाशों ने शोरूम में गार्ड समेत 11 कर्मचारियों और चार ग्राहकों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया और 20 करोड़ से ज्यादा के हीरे, सोने, चांदी के जेवरात लूट लिए। बेखौफ बदमाशों ने वहां इत्मिनान से 25 मिनट तक लूटपाट की फिर भरे बाजार दो बाइक से भाग गए।
बंगाल – पुरुलिया में दो ज्वेलरी शोरूम से आठ करोड़ रुपये के गहनों की लूट।
रायगंज में रिलायंस ज्वेल्स शोरूम से करोड़ों के आभूषण लूटे।
हुगली में 10 करोड़ रुपये कीमत के 20 किलो सोने की लूट।
आसनसोल में गणपति ज्वेलर्स से पांच करोड़ कीमत की ज्वेलरी की लूट।
बडानगर में मणप्पुरम गोल्ड में 11 करोड़ कीमत के 22 किलो सोने की लूट।
आसनसोल में मुथूट फाइनेंस में 14 करोड़ कीमत के 27 किलो सोने की लूट।
बिहार – पटना में पंचवटी ज्वेलर्स में पांच करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी की लूट।
धनबाद में कंपनी में लूट का प्रयास।
राजस्थान- प्रतापनगर, उदयपुर में मणप्पुरम गोल्ड में 12 करोड़ कीमत का 24 किलो सोना व 11 लाख नकदी की लूट।
भिवाड़ी में एक्सिस बैंक में 90 लाख नकदी व 30 लाख कीमत के सोने की लूट।
मानसरोवर, जयपुर में मुथूट फाइनेंस में 27 लाख की लूट।
मध्य प्रदेश – कटनी में मणप्पुरम गोल्ड में आठ करोड़ कीमत के 16 किलो गहने व पांच लाख रुपये की नकदी लूटी।
महाराष्ट्र -सांगली में रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में 14 करोड़ के गहने की लूट। l लातूर में शोरूम में लूट का प्रयास।
नागपुर में 15 करोड़ कीमत के करीब 29 किलो सोने की लूट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *