जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा संगठन में बदलाव होने के साथ देवेंद्र प्रधान को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हेें जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इन्हीं के साथ भाजपा में जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी नितिन चौहान को मिली है। सबसे बड़ा मामला महिला जिलाध्यक्ष को बदलने का सामने आया है। अब महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रंजना चतुर्वेदी होंगी। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनामिका शर्मा को बदल दिया गया है। अब इसके क्या कारण रहें होंगे यह तो अभी सामने नहीं आए हैं।
भाजपा के जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और जिला प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट की सहमति से तीन पदाधिकारियों की घोषणा की है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय कुमार के सड़क दुर्घटना में निधन होने से पद खाली चल रहा था, जिस पर राज्यपाल के पूर्व ओएसडी देवेंद्र प्रधान को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इन्हीं के साथ महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनामिका शर्मा लंबे समय से कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो रही थी। लोकसभा चुनाव में भी वे कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकी। जिसके चलते हुए महिला मोर्चा की सक्रिय सदस्य रंजना चतुर्वेदी को मोर्चा की जिलाध्यक्ष नियुक्त किया।
वहीं, भाजपा में जिला मीडिया की जिम्मेदारी नितिन चौहान को सौंपी गई, वे भाजयुमो के जिला महामंत्री रहे चुके थे। नितिन चौहान की संगठन में अच्छी पकड़ है। सक्रियता के चलते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उनका कहना है कि मीडिया प्रचार का सबसे बड़ा माध्यम है। सभी के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रधान का कहना है कि वे पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए जीतोड़ मेहनत करेंगे और दो सितंबर से शुरू हो रहे भाजपा के सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ, पन्ना स्तर पर काम किया जाएगा।