जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार/ रुड़की। अंतरराष्ट्रीय संत रविदास धाम जन कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष व दलित नेता योगेश बघरा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दलित नेता के भाई ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें एक आरोपी को नामजद किया गया है। पुलिस ने दर्ज मुकदमें के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि समाज के लोगों में आक्रोश था कि किसी ने बढ़ती लोकप्रियता के खिलाफ उन पर हमला किया है, लेकिन पुरानी दुश्मनी का मामला निकलने के साथ और समाज के ही लोग मारपीट करने वाले निकले तो हवा शंट हो गई। आधी रात के बाद आक्रोश भी शांत होता दिखा।
कोतवाली रुड़की पुलिस को दी गई तहरीर में अंतर्राष्ट्रीय संत रविदास धाम जन कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष व दलित नेता योगेश बघरा के भाई उमेश कुमार ने बताया कि उनका बड़ा भाई योगेश कुमार व भाई के साथी कुलदीप, गजेन्द्र, सेठीमल व संजय शुक्रवार शाम को करीब पौने छह बजे हरिद्वार से रुड़की आ रहे थे। जब वह मोंटफोर्ट स्कूल के समीप पहुंचे तो उनकी थार गाड़ी को ओवरटेक करके तीन स्कॉरपियो गाड़ी ने घेर लिया और एक स्कॉरपियो गाड़ी बहुत तेजे से पीछे से टक्कर मारी। आरोप है कि एक गाड़ी से आकाश व उसका भाई व दामाद गाड़ी से उतरे और गोली चलानी शुरू कर दी। कार से उतरते ही आकाश, भाई व दामाद और 10- 15 लोगों ने लोहे की रोड, लाठी डंडे, नुकीला हथियार व तमंचे से जानलेवा हमला करना शुरू कर दिया। गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश को दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

