जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। झोझा समाज को अपशब्द बोलने और मुकदमों में फंसाने की धमकी देने पर कांग्रेस की विधायक के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका। हालांकि विरोध जताने वाले कांग्रेस के ही पूर्व जिलाध्यक्ष के समर्थक बताए गए हैं। झोझा समाज के लोगों ने कांग्रेस की विधायक पर उन्हें धमकाने, पूरी जाति को झगडालू बताने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें केवल वोटों के लिए इस्तेमाल किया है, लेकिन अब ऐसा नहीं होने देंगे।
इस समय कांग्रेस का यूथ कांग्रेस का चुनाव चल रहा है। चुनाव में सभी युवा नेता अपने समर्थकों को मतदान कर रहे हैं। अंबूवाला निवासी असलम ने बताया कि 04 दिसंबर दिन बृहस्पतिवार को कांग्रेस की विधायक उनके घरों में पहुुंची और सभी को अपने समर्थक प्रत्याशी को वोट करने को कहा, लेकिन ग्रामीणों ने कहा कि वे गौरव को वोट कर रहे हैं और वे भी कांग्रेस की नेता है। गौरव का नाम सुनते ही विधायक भड़क गई और झोझा समाज को उसके बजाय अपने समर्थक को वोट करने को कहा। साथ ही धमकी देने लगी कि यदि उसके प्रत्याशी के विरोध में वोट किया तो पुलिस बुलाकर सभी को पिटवा देगी और झूठे मुकदमों में फंसवाकर जेल भिजवा देगी।

विधायक द्वारा धमकी देने से आक्रोशित झोझा समाज के लोग ग्राम अंबूवाला में इकट्ठे हुए और विधायक के खिलाफ आक्रोश जताया। गांव वालों ने आरोप लगाया कि विधायक गांव निवासियों को धमकी देती है और कहती है कि उसे झोझा वोटों की जरूरत नहीं है। असलम ने कहा कि विधायक ने झोझा जाति को झगडालू बताया है। असलम ने बताया कि केवल हमारे वोट अच्छे लगते हैं, लेकिन उनके विकास और उत्थान के लिए कुछ नहीं। उन्होंने विधायक के बिगुल बजाते हुए पुतला दहन किया। इस मौके पर असलम, रियाजुल, अकरम, रईस, पलटूराम, असरत आदि शामिल हुए। हालांकि पुतला फूंकने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी का ड्राईवर रियाजुल भी शामिल है।
मुकर्रम अंसारी पहुंचे गांव अंबूवाला
ग्रामीणों के बीच में पहुंचे युवा नेता मुकर्रम अंसारी ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों ने बताया कि कांग्रेस की विधायक अनुपमा रावत उन्हें मुकदमा में फंसवाकर जेल पहुंचाने की धमकी दे रही है। जोकि कतई बर्दास्त से बाहर की बात है। उन्होंने विधायक को खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि विधायक ग्राम में पहुंचे और देखते है कि किसी को कैसे धमका सकती है। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों पर तो हमेशा मुकदमें लगाए जाते रहे हैं, लेकिन अब किसी का शोषण नहीं होने देंगे। उन्होंने कांग्रेस की विधायक पर शब्दों से प्रहार किए।

