ब्यूरो रिपोर्ट
सुबह बेकाबू कार पुलिया से जा टकराई। इससे कार सवार सिपाही, रिटायर दीवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किमी होने और चालक को झपकी आने के चलते हादसा हुआ। हादसा लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बछरावां के खैरहनी गांव के पास हुआ।
घटना की वजह से हाईवे पर जाम लग गया। क्रेन मंगाकर गाड़ी को बाहर कराकर दो घंटे बाद यातायात को सामान्य किया जा सका। गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। हालांकि एसपी रवि कुमार, एएसपी आलोक सिंह ने मौके पर पहुंचकर हादसे की वजह की जांच की।
कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त
मूलरूप से जालौन जिले के रहने वाले महाराज सिंह (58) पुत्र रामसुख पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात थे। मौजूदा समय में उनकी तैनाती रायबरेली में न्यायालय सुरक्षा में थी। परिवार के साथ लखनऊ के पारा इलाके में रहते थे। प्रतिदिन लखनऊ से कार से यहां आकर डयूटी करते थे। सुबह भी सिपाही कार से रायबरेली डयूटी पर आ रहे थे।
कार चला रहे सिपाही ने निगोहा में दो, जबकि बछरावां बार्डर पर दो लोगों को लिफ्ट देकर गाड़ी पर बैठा लिया था। सुबह करीब आठ बजे खैरहनी गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा देख आसपास के लोग पुलिस को सूचना देने के साथ मौके पर पहुंचे।


इन लोगों की हुई मौत
हादसे में सिपाही महाराज के अलावा अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के रजवापुर निवासी रोहित लोधी (30) पुत्र राम बहादुर और रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के टिकवापुर मजरे गहरौली गांव निवासी रिटायर मुख्य आरक्षी (दीवान) चंद्रपाल सिंह (72) पुत्र बद्री सिंह की मौत हो गई।
वहीं बछरावां कोतवाली क्षेत्र के कुंडौली गांव निवासी रियान मोहम्मद (22), लखनऊ जिले के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) गंभीर रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
आसपास के लोगों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किमी से कम नहीं थी। गाड़ी चला रहे सिपाही को को झपकी आ गई। कार की रफ्तार अधिक होने से चालक गाड़ी संभाल नहीं पाया और वह पुलिया से जा टकराई। इधर, हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया।
इससे लोगों को परेशानी हुई। सुबह 10 बजे क्रेन की मदद से कार को बाहर किया गया, तब आवागमन शुरू हो सका। एसपी रवि कुमार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई हैं, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। हादसा किस वजह से हुआ है, इसकी जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *