ब्यूरो रिपोर्ट
गाली गलौच के विरोध में 12वीं के छात्र की सरेआम हत्या कर दी गई। भाजपा नेता के भतीजे की हत्या की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
मुरादाबाद के कटघर बीच छोटा छत्ता मोहल्ले में मंगलवार की शाम सात बजे घर के बाहर गाली गलौज करने के विरोध में बारहवीं के छात्र ठाकुर विनायक सिंह (17) की पड़ोसियों ने चाकू से हमलाकर हत्या कर दी। छात्र के चाचा अनुराग सिंह भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी हैं।
पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है। पवन कुमार सिंह का बेटा विनायक सिंह डिप्टी जगन्नाथ सिंह सरस्वती शिशु मंदिर में 12वीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब सात बजे अपने घर के पास ही खड़ा था।
इसी दौरान वहां पड़ोस में रहने वाले मनोज शर्मा का बेटा फूले कौशिक आ गया और वह नशे की हालत में गाली गलौज करने लगा। विनायक ने इसका विरोध किया और वहां से चले जाने को कहा। इसी दौरान फूले विनायक से भिड़ गया।
शोर शराबा होने पर फूले का भाई आनंद कौशिक, पिता मनोज और चाचा अनिल कौशिक भी आए गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र की पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसके पेट में चाकू से हमला कर दिया जिसमें वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।
इस घटना की जानकारी मिलने पर विनायक के परिजन घर से बाहर आए तो आरोपी मौके से भाग गए। परिजन घायल विनायक को लेकर कॉसमॉस अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *