ब्यूरो रिपोर्ट
एक गांव में ससुर-बहू की हत्या में चौंकाने वाला राज खुला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन और सना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। अक्तूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था। सामने आया है कि पति मुबीन और पत्नी सना के रिश्ते में शादी के कुछ दिन बाद ही दरार आ गई थी। उसने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से रविवार को दोपहर में पहले पिता के सीने में और फिर पत्नी के सिर में गोली मार दी। पत्नी ने 14 दिन पहले ही एक बेटे को जन्म दिया था।
बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन इलाके के कलंदरगढ़ी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया गया है कि निकाह के करीब सात महीने तक तो सबकुछ सही चला, लेकिन इसके बाद रिश्ते में तल्खी आना शुरू हो गई। इसी दौरान ससुर और बहू के बीच नजदीकी बढ़ती चली गई। इसके चलते ही घर में क्लेश शुरू हो गया था। मुबीन के प्रॉपर्टी डीलर पिता रियाजुद्दीन (50) और पत्नी सना (21) के बीच पनपी नजदीकियों की पुष्टि उनके बीच वाट्सएप पर हुए वॉयस मैसेज व चैट से हो रही है। मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही हत्या को अंजाम दे दिया।
कलंदरगढ़ी गांव में दवा विक्रेता मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मुबीन ने खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिता रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली थी।


पुलिस ने आरोपी मुबीन व परिवार के लोगों से पूछताछ की। जानकारी मिली कि उसके पिता रियाजुद्दीन व पत्नी सना के बीच काफी समय से नजदीकी थी। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 14 फरवरी 2025 को मुबीन और सना का निकाह हुआ था।
निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन व सना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को इस मामले में शक हुआ तो उसने मुबीन को बताया था। उसी समय से घर में विवाद होने लगा था।
अक्तूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था। इसके बाद मुबीन ने पत्नी सना को मायके भेज दिया था। ससुराल पक्ष को घटनाक्रम की जानकारी देकर तलाक देने की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना है कि इसमें ससुराल पक्ष ने माफी मांगी थी। उस समय सना ने भी हां मिलाई थी। दोबारा ससुराल आने के बाद भी सना और रियाजुद्दीन में दूरियां कम नहीं हुईं।
किस्वर के डर व चुप्पी ने बढ़ाया मामला
मुबीन की मां और रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर की चुप्पी ने मामले को और बिगाड़ दिया। शुरुआत में जब मामला सामने आया था तो किस्वर ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया था। बात तलाक तक पहुंच गई थी। किस्वर ने रियाजुद्दीन से कहा था कि यदि तुमको सना के साथ रहना है तो बाहर जाना होगा।
इस बात पर रियाजुद्दीन ने मकान अपने नाम बताकर सभी को घर से बाहर निकालने की चेतावनी दी। अपनी 16 वर्षीय बेटी व दो बेटों के साथ बाहर निकलने का डर मां किस्वर को सताने लगा था। उसके बाद उसने विरोध नहीं किया और चुपचाप सब सहती रही।


सना के महंगे शौक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
मुबीन की मां किस्वर ने बताया कि सना को महंगे कपड़े व गहनों का शौक था। मुबीन इन सब बातों का विरोध करता था। इसके चलते निकाह के बाद से ही सना और मुबीन के बीच दूरी शुरू हो गई थी। इसके बाद ससुर और बहू के बीच रिश्ता गहराता गया।
व्हाट्सएप चैट पढ़ता था मुबीन
सीओ खुर्जा ने बताया कि मुबीन ने व्हाट्सएप वेब के माध्यम से सना के मोबाइल का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप में चालू कर लिया था। इसमें सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच हुई चैट को वह पढ़ता रहता था।
दोनों के बीच वॉयस मैसेज भी भेजे जाते थे। वहीं, मुबीन का छोटा भाई रिहान नोएडा में पढ़ाई के साथ नौकरी कर रहा है। रिहान इतनी बड़ी घटना के बाद भी पिता के मातम में नहीं पहुंचा।
14 दिन के अब्बास के सिर से उठा मां का हाथ
सना के छोटे भाई सोहेल ने बताया कि 14 फरवरी 2025 को उनकी बहन व मोमिन का निकाह हुआ था। दस मई को ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में सना ने एक बेटे को जन्म दिया था। जिसका नाम परिवार के लोगों ने अब्बास रखा। 14 दिन के अब्बास ने अभी ठीक से आंख खोलकर देखना भी शुरू नहीं किया था कि उसके सिर से मां का हाथ उठ गया और पिता भी अब जेल जाएगा।


घटना ने खानदान को गम व बदनामी दी मकबूल
मकबूल ने बताया कि उनका बेटा रियाजुद्दीन मेहनती था। कुछ दिन पहले ही पोते अब्बास का जन्म हुआ था तो सब खुश थे। बकरीद की तैयारी चल रही थी। कहा कि उनके परिवार को किसी की नजर लग गई। इस घटना ने दो लोगों की मौत और खानदान को बदनामी दे दी।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि कलंदरगढ़ी गांव निवासी मोमिन सुदेशपुर गांव में दवा की दुकान चलाता है।
दोनों परिवारों के बीच हुई थी पंचायत
मोमिन ने सना के परिजनों को फोन करके बुला लिया। सना के परिवार के लोग और मोमिन के परिवार के अन्य लोग घर पर इकट्ठा हुए। दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई। रियाजुद्दीन व सना को समझाया गया।


पंचायत में की थी पिता की पिटाई
पंचायत के दौरान ही मोमिन ने अपने पिता से मारपीट की। इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव किया। पंचायत के बाद जब रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए तो रियाजुद्दीन व मोमिन के बीच फिर से विवाद हुआ। इसी के बाद मोमिन ने रियाजुद्दीन और सना को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
पिता और पत्नी को गोली मारकर खुद दी पुलिस को सूचना
गोली लगने के साथ दोनों घायल अवस्था में वहीं गिर गए। इसके बाद मोमिन ने खुद ही 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ खुर्जा व कोतवाली प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सना को अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन परिजन उसे खुर्जा के कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि
पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध के शक में बेटे ने गोली मारकर दोनों की हत्या कर दी। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *