जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ईंधन बचाओ संदेश को सार्थक करते हुए करीब 15 किमी की दूरी साईकिल से तय करते हुए एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह और हरिद्वार एसडीएम जितेंद्र कुमार रोशनाबाद आवास से अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अन्य जन सामान्य के साथ सरकारी, अद्धकर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जितना भी संभव हो ईंधन बचाने के लिए कार्य करें।

देश में बढ़ती तेल की कीमतों एवं अन्य समस्याओं को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे ईंधन बचाएं देशहित में कार्य करें। उनकी अपील को सार्थक करते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र के साथ अन्य विभागीय अधिकारियों ने साईकिल से कार्यालय पहुंचकर संदेश दिया कि पैदल चलकर या बिना ईंधन वाले वाहन से चलें। अब इसी को सार्थक करते हुए सबसे ज्यादा दूरी पर आवास और कार्यालय की दूरी को तय करते हुए हरिद्वार—रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह और उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार अपने कार्यालय पहुंचे। दोनों ही अधिकारी रोशनाबाद स्थित सरकारी आवास में रहते हैं, यहां से इनके कार्यालयों की दूरी करीब 15 किमी की दूरी से अधिक है। दोनों ही अधिकारी साईकिल से पहुंचे।

एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के संदेश को सार्थक करते हुए वे साईकिल से विभागीय कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने आमजन के साथ सभी से अपील करते हुए कहा कि यथा संभव ईंधन बचाए, ताकि देश की प्रगति में सहयोग कर सके। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन अवश्य ईंधन बचाने का काम करें।


