जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून जिले स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थिति में उनके आवास रानीपोखरी में कार्बाइन से गोलियां चलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उस वक्त सुनील अपने घर के बरामदे में थे।
जौलीग्रांट में तैनात एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक हेड कांस्टेबल एयरपोर्ट स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे सुनील (49) अपने आवास नागाघेर, रानीपोखरी में बरामदे में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी कार्बाइन से गोलियां चल गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए हिमालयन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल को उनकी कार्बाइन से कई गोलियां लगी हैं। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात वन जया बलोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

