जोगेंद्र मावी, ब्यूरो

हरिद्वार। उत्तराखंड रोडवेज इम्पलाइज यूनियन की शाखा हरिद्वार के पदाधिकारियों ने नई रोडवेज बसों के आने से पूर्व पुरानी बसों के संचालन को सुचारू रखने, डिपो के बाहर से डग्गामार बसों के संचालन रोकने, समय से वेतन जारी कराने सहित कई मांगे उठाई। वहीं, धरने के दौरान अगस्त महीने का वेतन जारी हो गया।

मंगलवार को उत्तराखंड रोडवेज इम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष बालेश कुमार के आह्वान पर हरिद्वार डिपो की शाखा के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। शाखा अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ने बताया कि शासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। जिसके चलते कर्मचारी एक दिन का धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हुए है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों में निगम में सेवारत कर्मचारियों को मासिक वेतन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का भुगतान समय पर किया जाए, नियमितिकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक समान कार्य समान वेतन का भुगतान किया जाए। संविदा विशेष श्रेणी चालक परिचालक, वाहन स्रोत तकनीकि कर्मचारियों को नियमित के समान महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाए, निगम के बस स्टेशनों के आसपास से संचालिक अवैध डग्गामार वाहनों पर रोक लगाई जाए। कर्मचारियों की नियुक्ति सीधे निगम द्वारा की जाए, एजेसी द्वारा भर्ती पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। राज्य कर्मचारियों की भांति बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाए।

लोकेंद्र सिंह ने एआरटीओ के अधिकारियों पर डग्गामार बसों पर कार्रवाई न किए जाने पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी बार—बार शिकायत कर रहें, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से रोडवेज को नुकसान उठाना पड़ रहा है और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

इस मौके पर उपाध्यक्ष सरदार चरण सिंह, रफल सिंह, कार्यालय सचिव सोहेल खान, संयुक्त मंत्री चंद्रवीर, शाखा मंत्री दीपक वर्मा, प्रफुल्ल सैनी, अमित चौहान, सुमित कुमार, सौरभ चौहान, राहुल, दीपक राजपूत, गुलमेंद्र सिंह, जगदीप, विनोद आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *