जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कुर्मांचल मंडल सांस्कृतिक संगठन का वार्षिकोत्सव बीएचईएल के सामुदायिक केंद्र में धूमधाम से आयोजित हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कुर्मांचल मण्डल का वार्षिकोत्सव हर वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से मनाया गया।
कार्यक्रम की मुख्यातिथि प्रोफेसर डॉ नर्मदा रावत ने कहा कि भारत भर की सभी संस्कृतियों में कुमाऊँ की संस्कृति का अलग ही महत्व है। आज भी तीज, त्यौहार, खान पान, रहन सहन की यह साझा संस्कृति विदेशों में भी उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही है। हमारे गीत, गाथाएं, प्रथाओं को आदर के साथ विदेशी लोग भी अपना रहे हैं। हरिद्वार शहर में लोक संस्कृति की यह बयार बीस पच्चीस वर्षों से अनवरत बह रही है इसके लिए कुर्मांचल मण्डल द्वारा किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
डॉ नर्मदा ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम आने वाली नई पीढ़ी को इसके बारे में विस्तार से बताएं, पहाड़ की लोक संस्कृति की जानकारी अपने बच्चों में अनिवार्य रूप से हस्तांतरित करें। विशिष्ट अतिथि मनोज गहतोड़ी ने अपने सम्बोधन में पहाड़ में तेजी से हो रहे परिवर्तन पर सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों का जीवन पहाड़ जैसा ही होता है, संघर्ष से मिली सफलता का अहसास पहाड़ में जन्म लेने वाले जनमानस में सर्वत्र दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि हमारी लोकसंस्कृति ही हमारी पहचान है इस पहचान को बनाये रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है, पिछले वर्षों में तेजी से पहाड़ी संस्कृति को बदलते हुए देखा गया है, लोक के लिए गीत, झोड़े, चांचरी गाने वाले लोकगायकों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन न मिल पाने के कारण उनकी स्थितियां ठीक नहीं हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रस्तुतियां देने वाले सभी बच्चों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने हम सभी को भाव विभोर कर दिया है,यह प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए।
संगठन के वरिष्ठ संरक्षक पूर्व सभासद जगत सिंह रावत ने कहा कि हम सभी को एक दूसरे के सुख दुःख में निरंतर सहयोग करने के लिए आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों को जमकर सराहा। कुमाऊनी गीतों पर मंच में बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के रंगारंग कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुख्यातिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किये। कार्यक्रम का संचालन भगवत सिंह रावत व पूरन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर कुर्मांचल मण्डल के अध्यक्ष भूपेश पांडे, उपाध्यक्ष अमरपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनन्द सती महासचिव बलबीर सिंह, सांस्कृतिक सचिव खीम सिंह, जीवन पांडे कोषाध्यक्ष, संरक्षक उमराव सिंह मनराल, शेर सिंह, देवी दत्त, शम्भू प्रसाद पंत, धानी पंत, नवीन चन्द्र जोशी, पूरन सिंह रावत, कार्यकरिणी सदस्य उमेश बहुगुणा, इंदर भण्डारी, नन्दन सिंह कठायत, नन्दन सिंह रावत, ललित राणा, प्रकाश पंचोली, ललित नेगी, लक्ष्मण नेगी, राजेंद्र जोशी, तारा दत्त जोशी, मनोहर तडागी कमल रावत, भगत सिंह रावत, रविन्द्र रौतेला, नवीन गिरि, अनील पांडे, दिनेश पाठक सहित भारी संख्या में महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।