जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
भाजपा पार्षद की गुंडई सामने आयी है। मेरठ जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड स्थित नगर निगम डिपो में वार्ड 18 के पार्षद ने डिपो के चालकपर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। उसके पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। घटना के बाद भीड़ ने पार्षद को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सीओ और एसपी सिटी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रहे हैं।

इंचोली थाना क्षेत्र के लावड़ निवासी अविनाश कुमार पुत्र रतन कुमार नगर निगम में ड्राइवर है। बृहस्पतिवार को सुबह अविनाश अपने साथियों के साथ सूरजकुंड डिपो पर खड़ा था। आरोप है कि इसी बीच भाजपा पार्षद रविंद्र अपने एक दर्जन साथियों के साथ डिपो पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियां चलाते ही आसपास के क्षेत्र में भगदड़ का माहौल हो गया। इस दौरान एक गोली अविनाश के पैर में लग गई। इसके बाद निगम में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आरोपी पार्षद व उसके साथियों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। भीड़ ने मौके से आरोपी पार्षद को पिस्तौल के साथ पकड़ लिया। वहीं उसके साथी मौके से भाग निकले।

सूचना पर टीपी नगर, सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी पार्षद व घायल ड्राइवर को लेकर जिला अस्पताल आ गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पार्षद हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।