जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। एचआरडीए ने बिना नक्शा स्वीकृत कराए जा रहे निर्माणों और प्लॉटिंग पर शिंकजा कसा है। उन्होंने व्यवसायिक निर्माण को सील किया तो वहीं, दूसरी ओर अवैध प्लॉटिंग को भी ध्वस्तीकरण करते हुए सील किया गया। साथ ही चेतावनी दी कि सीलिंग प्रक्रिया से छेड़छाड़ की तो कार्रवाई होगी।

बृहस्पतिवार को हरिद्वार—रुडकी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के निर्देश पर विभागीय टीम ने दो स्थानों पर सीलिंग कार्रवाई की।
प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आर्यनगर चौक ज्वालापुर हरिद्वार में सोंधी नर्सिंग होम के निकट विनोद कुमार ने व्यावसायिक निर्माण कराया। बिना मानकों के निर्माण पाए जाने पर 15 गुणा 30 फीट में बेसमेंट, भूतल, प्रथम एवं द्वितीय तल पर किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को प्राधिकरण क़ी टीम ने सील किया।

सलेमपुर रुड़की में पुरानी फैक्ट्री के पास विनय सैनी व अन्य द्वारा लगभग 9 बीघा में विकसित की जा रही अनाधिकृत प्लाटिंग को प्राधिकरण टीम (शाखा कार्यालय रुड़की) द्वारा संयुक्त सचिव एवं पुलिस बल की उपस्थिति में जेसीबी की सहायता से ध्वस्त किया गया। स्थल पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि स्थल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण कार्य ना किया जाए।

एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए है कि बिना अप्रूव्ड किसी भी प्रकार का निर्माण हो उसपर तत्काल कार्रवाई हो। साथ ही विभागीय अभियंताओं को निर्देशित किया कि सीलिंग वाले स्थानों पर नजर बनाकर रखे, यदि कोई सीलिंग प्रक्रिया के साथ छेड़छाड़ करता है तो उस पर कार्रवाई होगी।

