जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। सेक्टर वन में शराबियों और बाहरी लोगों पर अंकुश कसने की भेल के अधिकारियों की मुहिम सराहनीय है। सेक्टर वन के पार्क और मार्केट शराबियों का अड्डा बनकर रह गए थे। यहां तक कि शाम होने पर महिलाओं का निकलना तो मुश्किल था ही आम आदमी भी शराबियों के आतंक से परेशान रहते थे।
शनिवार की रात को भेल सेक्टर वन के चौराहे पर एक युवक की कार में शराबियों ने तोड़फोड़ कर दी। युवक के साथ बेवजह मारपीट करते हुए कार के सभी शीशे तोड़ दिए। यहां तक मौके पर पहुंची रानीपुर कोतवाली पुलिस के साथ बदतमीजी की। पूरा मामला शराबियों के कारण हुआ। इससे भेल सेक्टर वन पूरी तरह से बदनाम हुआ। भेल के अधिकारियों ने बदनामी से बचने के लिए दुकानों को निर्धारित समय रात 9 बजे तक खुले रखने के आदेश का पालन कराना शुरू कर दिया। भेल के अधिकारियों ने मार्केट में शराब परोसने और कार में बैठकर शराब पीने वालों पर शिंकजा कसना शुरू कर दिया। इससे क्षेत्र के माहौल में सुधार होने से स्थानीय निवासियों में खुशी है। सभी ने भेल के अधिकारियों की मुहिम की सराहना करते हुए नियम को कड़े से लागू कराने की मांग उठाई है।
भेल हरिद्वार