जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और लगातार पार्टी के लिए काम करते रहने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राजीव चौधरी को हरिद्वार ग्रामीण का कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस में नई उर्जा का संचार होगा। खासकर युवाओं में उनकी नियुक्ति को लेकर जोश है। राजीव फिलहाल हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से तैयारी कर रहे हैं।
पिछले 20 सालों की कांग्रेस की नीतियों का प्रचार प्रसार कर रहे हरिद्वार के युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे सक्रिय युवा नेता राजीव चौधरी पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने विश्वास जताया है। उन्हें यह जिम्मेदारी हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में काम करते हुए पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए सौंपी है। हालांकि राजीव चौधरी कई सालों से हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय हैं। राजीव युवाओं के साथ सभी वर्ग के लोगों की पसंद बने हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उनपर विश्वास जताते हुए कहा है कि राजीव चौधरी पार्टी के कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता हैं, वे पार्टी की रीतियों एवं नीतियों का प्रचार प्रसार करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की मजबूती बढ़ाएंगे। नवनियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश महासचिव संजय पालीवाल के साथ सभी का आभार जताया है। उनका कहना है कि जो विश्वास पार्टी ने उन पर जताया है कि वे उस पर खरा उतरते हुए पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बेरोजगारों और आमजन का विश्वास तोड़ा है और जो लोग जैसे तैसे कर आजीविका चला रहे थे, उनका भी काम छीन लिया है। वे सभी मुद्दों को लेकर गांवों में जाएंगे और पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।

कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी

उनकी नियुक्ति पर महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व प्रदेश सचिव विभाष मिश्रा, पूर्व शहर अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज, महानगर महासचिव अरशद ख्वाजा, पूर्व प्रदेश सचिव महेश प्रताप राणा, युवक कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रवि बहादुर सिंह, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, अनिल भास्कर, अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, वसीम सलमानी, तरुण सैनी, ओपी चौहान, सुमित तिवारी, संजय रावत, साजन चौधरी, मोनिक सिंह, रवि कश्यप आदि ने खुशी जताई है।