जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने तत्काल प्रभाव से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं राज्य सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को उनके वर्तमान पदभार से मुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार ललित मोहन रयाल, IAS-2011 को नैनीताल के जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव—मा. मुख्यमंत्री, उत्तराखंड शासन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनीत तोमर, IAS-2014 को प्रबंध निदेशक, कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल के साथ उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
निधि यादव, IAS-2017 को अपर सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से हटाकर अपर सचिव—खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक—खेल, युवा कल्याण, उत्तराखंड बनाया गया है। वहीं दीप्ति सिंह, IAS-2017 को निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण से हटाकर जिलाधिकारी, अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
अंशुल सिंह, IAS-2018 को जिलाधिकारी अल्मोड़ा के पद से हटाकर जिलाधिकारी, नैनीताल बनाया गया है।
इसके अलावा PCS अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। कृष्ण कुमार मिश्रा, PCS को अपर जिलाधिकारी, देहरादून से हटाकर अपर जिलाधिकारी, हरिद्वार बनाया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय, PCS को अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला, हरिद्वार के पद पर रहते हुए अपर जिलाधिकारी, हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वैभव गुप्ता, PCS को अपर जिलाधिकारी, हरिद्वार से हटाकर अपर जिलाधिकारी, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। सीमा विश्वकर्मा, PCS को डिप्टी कलेक्टर, अल्मोड़ा एवं नगर आयुक्त-नगर निगम, अल्मोड़ा के पद से हटाकर डिप्टी कलेक्टर, नैनीताल बनाया गया है। वहीं सुधीर कुमार, PCS को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से हटाकर डिप्टी कलेक्टर, अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती वाले पदभार/विभाग में तत्काल कार्यभार ग्रहण करते हुए संबंधित आख्या/प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराएं।
