जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
बजरंग दल के जिला संयोजक की लाश मिलने से सनसनी दौड़ गई। जिला संयोजक शिवम वर्मा का शव सहारनपुर जनपद के माता शाकुंभरी क्षेत्र के जंगल में एक पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और संगठन के कार्यकर्ता मौके की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शिवम बिजनौर के हल्दौर नगर का रहने वाला था।
मोहल्ला रईसान निवासी शिवम वर्मा अपनी मां के साथ देहरादून स्थित रिश्तेदार के घर गए हुए थे। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आया।
बताया जा रहा है कि फोन आने के बाद वह बिना किसी को जानकारी दिए घर से निकल गए। शुक्रवार सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो शिवम घर में नहीं थे। उनका मोबाइल भी बंद आ रहा था, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
इसी बीच सहारनपुर के माता शाकुंभरी क्षेत्र के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। बाद में शव की पहचान शिवम वर्मा के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिवम वर्मा अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनकी तीनों बहनों का विवाह हो चुका है। करीब दो वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद शिवम ही अपनी मां का मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *