जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। सत्यम हेल्प फाउंडेशन की ओर से अजीतपुर स्थित पाठशाला परिवार द्वारा शनिवार को भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, मास्टर स्टॉक मीडिया के संपादक पियूष त्यागी समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सत्यम हेल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित पाठशाला के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने कहा कि पाठशाला में बच्चों को मिल रही शिक्षा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक सिद्ध हो रही है। यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रही है।
प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। पाठशाला के संस्थापक अरुण कश्यप द्वारा बच्चों को शिक्षा प्रदान करना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है।
कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों ने शिव तांडव, मैया यशोदा, अघोरी नृत्य, “होली आई” पंजाबी-हरियाणवी गीतों तथा गढ़वाली गीत “चेता की चेतवाली” पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।

समारोह में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मास्टर स्टॉक मीडिया के निदेशक पियूष त्यागी एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने अपने अनुभव बच्चों से साझा किए।
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह, सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार, जन संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री, ग्राम प्रधान बिशनपुर कुंडी सनी कुमार, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, न्याय के क्षेत्र में कार्यरत कोमल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत काजल चौहान, पत्रकार प्रिंस शर्मा (रुड़की), वरिष्ठ पत्रकार जोगेंद्र मावी, पत्रकार प्रवेश राय, वासुदेव राजपूत, मुस्कान राजपूत, करण पंडित एवं पवन भगवा सहित अनेक लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने होली के पावन पर्व पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और समाज में शिक्षा, सहयोग एवं समरसता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

