जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा के लक्सर के नेता, जोकि विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं, उनके भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है।
जनपद में लक्सर-रुड़की मार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से कार सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि, कार सवार व्यापारी नेता और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, लक्सर निवासी व्यापारी नेता अजय वर्मा गुरूवार की शाम को अपने परिजनों के साथ रुड़की में एक विवाह समारोह में गए थे। देर रात को वो कार से वापस लौट रहे थे। कार उनका भतीजा शलभ चला रहा था। तभी लंढौरा के पास स्पीड ब्रेकर पर कार अनियंत्रित हो गई, जिससे कार सड़क पर पलट गई।
हादसे में शलभ वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार अजय वर्मा उनकी पत्नी सुनीता, शलभ की पत्नी मोहिनी और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर अजय वर्मा के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शलभ का शव लक्सर पहुंचा तो शोक की लहर दौड़ गई।

