कांवड़ मार्ग पर गांव मुज्जकीपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक माैत हो गई। मेरठ जनपद के जानीखुर्द में कांवड़-मार्ग पर मंगलवार देर रात ईद पर सुसराल जा रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन बगैर किसी काननूी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए। बुलंदशहर के बदरखा निवासी नदीम और दनकाैर निवासी फारुख का निकाह सिवाल खास में इमरान की बेटियों से हुआ है। मंगलवार की रात फारुख और नदीम बाइक से अपनी सुसराल सिवाल खास ईद पर मिलकर मुबारक बाद देने के लिये चले थे। B कांवड़ मार्ग पर गांव मुज्जकीपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में फारुख और नदीम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर जब तक मौके पर पुलिस पहुंची दाेनों घायलों की मौत हो चुकी थी।
दुर्घटना की जानकारी दोनों के परिजन और सिवाल खास से सुसराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतक दोनों के परिवार ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों के शवों को अपने-अपने घर ले गए।
फारुख का विवाह तीन माह पूर्व हुआ था जबकि नदीम का विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के ससुर इमरान की हालत खराब हो गई। उपचार के लिये इमरान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के साले सिवाल निवासी रिहान ने बताया की उसके दोनों ही जीजा बहुत अच्छे और खुश मिजाज थे।