जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
यूपी के गाजीपुर जिले में दिनदहाड़े दो युवकों की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है. पूरा मामला खानपुर थाना क्षेत्र के उचौरी गांव का है। दोनों का शव गांव के बाहर मलदहिया बगीचे में मिला है, जबकि दोनों युवक सैदपुर थाना क्षेत्र के चिलौनाकला रामपुर के रहने वाले थे। एक युवक के माथे पर गोली लगने का निशान है. वहीं, दूसरे युवक को कनपटी के पास सटाकर गोली मारी गई है। गांव के ही एक युवक ने बताया कि, उसकी दुकान में लगे सीसीटीवी में एक बाइक पर अमन और अनुराग के साथ एक युवक जाते हुए दिखा था। थोड़ी दूर जाने के बाद एक बाइक पर दो युवक और पीछे जाते हुए। पुलिस मृतकों के कॉल डिटेल खंगाल रही है। वहीं मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पति पहुंचे औऱ उन्होंने परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने मामले को सीएम तक पहुंचाने की मांग की है। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के उचौरी मलहिया बागीचे में शुक्रवार की सुबह दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दो युवकों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना स्थल पर शव को रख चक्काजाम कर दिया। डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। एसपी सिटी और पुलिस काफी मनौव्वल में जुटी हुई थी। आईजी के पहुंचने और उनके आश्वासन के बाद लोगों ने शव को ले जाने दिया। ढाई घंटे तक पुलिस लोगों से बातचीत करती रही।
जानकारी के अनुसार, चिलौनाकला रामपुर निवासी अमन चौहान (20) और अनुराग सिंह (20) उचौरी मलहिया बागीचे में 11.30 बजे मौजूद थे। इसी दौरान दो बाइक सवार चार हत्यारे पहुंचे और अमन चौहान और अनुराग सिंह को ताबड़तोड़ गोली मार हत्या कर दी।
गोलियों की तड़तड़ाहट सुन जब तक गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचते, हत्यारे वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई।
इसके बाद परिजन और ग्रामीण, डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शव उठाने नहीं दिया। ढाई घंटे के बाद पुलिस शव को कब्जे में ले पाई। जानकारी होने पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के मान-मनौव्वल में जुट गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *