हरिद्वार कोतवाली पुलिस की हिरासत में हत्यारोपी

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार धर्मनगरी में युवक की हत्या करने वाले आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफतार कर लिया। मृतक हत्यारोपी की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता था और वह अपनी पत्नी के साथ कूड़ा बीनने का काम करता था।
22 जून—2024 को गंगा कॉलोनी हरिपुर कलां हरिद्वार निवासी मनीष कुमार पुत्र कृष्ण पाल निवासी गंगोह सहारनपुर उत्तर प्रदेश ने कोतवाली नगर हरिद्वार में शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत भूमा निकेतन शौचालय के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने रमेश गुप्ता निवासी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश की हत्या कर दी है। उक्त प्रार्थनापत्र के आधार पर तत्काल कोतवाली नगर हरिद्वार पर मुकदमा 503/2024 धारा 302 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
शहर के व्यस्ततम इलाके में चाकू से गोदकर सनसनीखेज तरीके से हत्या होने पर प्रकरण चर्चा का विषय बन गया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा प्रकरण का पूरा सच सामने लाते हुए अज्ञात कातिल की खोजबीन के लिए अधीनस्थों को निर्देशित किया।
गठित पुलिस टीम ने मैन्युअल पुलिसिंग के साथ-साथ मुखबीर तन्त्र को एक्टिव किया और ढूंढ खोज शुरु की। खुलासे में जुटी पूरी टीम के एकजुट प्रयासों से एकत्रित इनपुट के आधार पर पुलिस टीम को महत्वपूर्ण जानकारी मिली और टीम ने 24 घण्टे के अन्दर मोतीचूर फाटक के पास से हत्यारोपी दीपक यादव को दबोचने में कामयाबी हासिल की। आरोपी की निशांदेही पर कत्ल के लिए इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद किया गया।
ये बनी हत्या की वजह-
आरोपी दीपक यादव और उसकी पत्नी कूड़ा बीनने का काम करते हैं। कूड़ा बीनने के दौरान अपनी पत्नी से छेड़छाड़ एवं काम में दखलंदाजी करने पर आरोपी ने मौका देखकर चाकू से लगातार वार कर रमेश गुप्ता की हत्या कर दी और मौके से चुपचाप रफूचक्कर हो गया।
विवरण हत्यारोपी-
दीपक यादव पुत्र शंकर सिंह निवासी ग्राम हडिया जिला इलाहाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी झुग्गी झोपड़ी बंगाली बस्ती हरिद्वार।
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
नगर कोतवाली के एसएसआई सतेन्द्र बुटोला, एसआई संजीत कण्डारी, एसआई शैलेंद्र ममगाईं, हेड कांस्टेबल संजय, मनविंदर सिंह का सहयोग रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *