जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार जिले की एक चौकी का प्रभारी दारोगा का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हो गया है। जिसका तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लण्ढौरा चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। मामला पैसे के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दारोगा अन्य स्टाफ के साथ टैंकरों से तेल निकालने वालों से रुपये ले रहा था।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की लण्ढौरा चौकी के प्रभारी महिपाल सैनी का एक वीडियो बताया जा रहा है जिसमें वह पैसों का लेनदेन करते नजर आ रहे थे। मामला एसएसपी के संज्ञान में आते ही उन्होंने अनुशासनहीनता और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में उपनिरीक्षक महिपाल सैनी को हटाकर पुलिस लाइन रोशनाबाद भेज दिया है। एसएसपी के इस कड़े फैसले से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। कप्तान ने साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही या गलत काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

