जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के उपरांत हरिद्वार पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने आम जनता के द्वारा किए गए रामभक्ति के कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब आने वाले समय में राम राज्य स्थापित होगा। उन्होंने इस दौरान जनता की समस्या सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनका निवारण कराया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद अयोध्या में हुए मर्यादा पुरूपोत्तम श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा भव्य समारोह में शामिल हुए। हरिद्वार लौटने के बाद उन्होंने अयोध्या की भव्यता और राम मंदिर निर्माण की सुंदरता, कलाकृतियों के बारे में आमजन को बताया। उन्होंने सभी को अयोध्या में जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 500 साल बाद श्रीराम की प्रतिमा स्थापित हुई है, जबकि वर्षों से श्री रामलला टेंट में विराजमान थे और इसका संदेश पूरे विश्व में गलत जा रहा था। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आनबान शान और गरिमा को स्थापित करने के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औरा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के साथ करोड़ों रामभक्तों की प्रेरणा से आज वहीं पर मंदिर बना है, जहां का वादा किया था। यानि मंदिर वही बनेगा वाक्य को पूरा करके दिखाया है।
इस दौरान उन्होंने वेद मंदिर आश्रम में आमजन की समस्याओं से सुनकर उनका निवारण संबंधित विभागों के अधिकारियों से कराया। उन्होंने कहा कि राम राज्य स्थापित होने का मतलब है कि देश में लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से दूर किया जाए।
