लोकेंद्र — फाइल फोटो

ब्यूरो रिपोर्ट
बारात जाने वाले दिन से पहले रात में चल रही डांस पार्टी में बड़ा बवाल हो गया। बढ़ला कैथवाड़ा में बारात जाने से पहले की रात के दौरान पार्टी में अश्लील डांस का विरोध करने पर कोशिंद्र (25) की हत्या कर दी गई। दूल्हे के पिता समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दूल्हे के पिता को पकड़ लिया है।
मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा में घुड़चढ़ी के दौरान अश्लील डांस का विरोध करने पर की गई कोशिंद्र (25) की हत्या में मृतक के भाई ने दूल्हे के पिता समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दूल्हे के पिता को हिरासत में लिया है। बाकी हमलावरों की तलाश की जा रही है। मृतक विद्युत विभाग में संविदाकर्मी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कोशिंद्र की मौत दिल में चाकू लगने से हुई।
बढ़ला कैथवाड़ा निवासी मृतक के बड़े भाई हंसराज पुत्र दर्शन सिंह के अनुसार गांव में रविवार को राजेश के बेटे शिवम का मंढा था। रात करीब दस बजे शिवम डीजे बज रहा था। इसी दौरान कोशिंद्र के मकान के सामने कुछ युवक अश्लील डांस कर रहे थे। हंसराज और उसके भाई कोशिंद्र ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूल्हे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर आए और कोशिंद्र पर हमला कर दिया।
इसी दौरान एक हमलावर संदीप ने कोशिंद्र के सीने में चाकू घोंप दिया। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात से अफरातफरी मच गई। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल लोग वहां से भागने लगे।
परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर घायल कोशिंद्र को मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान कोशिंद्र की मौत हो गई।
सूचना पर मुंडाली थानाध्यक्ष दिव्य प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश देकर दूल्हे के पिता राजेश को हिरासत में ले लिया। इसके अलावा अन्य कुछ लोगों को भी पूछताछ के लिए पकड़ लिया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा, सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने भी मौके पर जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लोकेंद्र — फाइल फोटो

हंसराज ने दूल्हे के पिता राजेश के अलावा संदीप, प्रदीप, मुकेश, किरनपाल और निर्भय के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया। एसपी देहात ने बताया कि नामजद बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल में चाकू लगने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कोशिंद्र की मौत दिल में चाकू लगने से हुई। चाकू सीने को चीरते हुए दिल में लगा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार शाम पांच बजे पुलिस की मौजूदगी में गमगीन माहौल में शव का दाह संस्कार किया गया।
पिता के बिना दस लोगों के साथ दूल्हा शादी करने गया
बढ़ला कैथवाड़ा निवासी शिवम की शादी बुलंदशहर के गुलावटी क्षेत्र के डहाना में तय हुई थी। रविवार को मंढा था। सोमवार शाम डहाना बरात जानी थी। रविवार रात घुड़चढ़ी के दौरान ही झगड़ा होने पर दूल्हे पक्ष के लोगों ने कोशिंद्र की हत्या कर दी। वारदात के बाद घुड़चढ़ी भी बीच में रोक दी गई। दूल्हे के परिवार के लोग भी भाग गए। उधर, डहाना में शादी की तैयारियां हो गई थीं। तय किया गया कि दूल्हे के कुछ रिश्तेदारों के ले जाकर ही शादी की रस्में संपन्न कराई जाएंगी। सोमवार देर शाम दूल्हा शिवम अपने मामा, फूफा समेत दस रिश्तेदारों के साथ शादी करने के लिए डहाना गांव के लिए रवाना हुआ।
दो भाई थे, साथ में रहते थे
कोशिंद्र और हंसराज दो भाई थे। दोनों भाई गांव में ही खेतीबाड़ी करते थे। कोशिंद्र की पत्नी पूजा गृहिणी हैं। उनकी डेढ़ वर्ष की बच्ची है। करीब तीन माह का नवजात बेटा है। मां मधु और पत्नी पूजा सहित अन्य परिजनों रोकर बुरा हाल रहा।
पिता का भी हुआ था कत्ल
बताया गया कि कोशिंद्र के पिता दर्शन सिंह की भी वर्ष 2018 में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से दोनों भाई परिवार का पालन पोषण कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *