जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। किसानों को धक्का देना थानाध्यक्ष को भारी पड़ा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद बाहर निकलकर गढ़वाल प्रभारी संजय चौधरी ने बताया कि थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ का तबादला किए जाने के लिए आश्वासन मिला है। उन्होंने यहां तक की दावा कर दिया कि उनका तबादला चमोली जिले के लिए होगा। जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि मुख्यमंत्री से सभी विषयों पर सकारात्मक वार्ता हुई है, सभी बातों को टोल प्लाजा पर पहुंचकर किसानों को बताया जाएगा।
हरिद्वार जनपद के किसान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले अपनी मांगों का ज्ञापन देने के लिए देहरादून जा रहे थे। किसानों को बहादराबाद टोल प्लाजा पर रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बेरिकेडिंग की। जिस समय किसान टोल प्लाजा पर पहुंचे तो वहां पर भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने रोकने का प्रयास किया। किसानों ने बेरिकेडिंग को हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस बल के साथ किसानों की धक्कामुक्की भी हुई। लेकिन थानाध्यक्ष का वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे सड़क पर खड़े किसानों को धक्का मारकर पीछे धकेलते हुए नजर आए। हालांकि कई पुलिस के अधिकारी थानाध्यक्ष को रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन वे रुके नहीं। इसके बाद आक्रोशित किसान टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए। सोमवार को किसानों के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वार्ता के लिए देहरादून बुलाया। मुख्यमंत्री से वार्ता होने के बाद यूनियन के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने वीडियो के माध्यम से हुई वार्ता के बारे में बताया कि मुख्यमंत्री से सकारात्मक वार्ता हुई है। इसी दौरान गढवाल मंडल प्रभारी संजय चौधरी ने दावा किया थानाध्यक्ष का तबादला चमोली हो गया है।

