जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
उत्तराखंड प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कभी भी हो सकती है। इस बार कयास लगाया जा रहा है कि महिला प्रदेश अध्यक्ष बनेगी। महिला को मौका मिला तो इसमें सबसे ऊपर नाम दीप्ति रावत भारद्वाज का सामने आ रहा है। दीप्ति रावत छात्रा जीवन से लेकर अब तक करीब 25 सालों से भाजपा के लिए काम कर रही है। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का ईनाम मिल सकता है। वे एक टीवी चैनल में बतौर एंकर के रूप में काम कर चुकी है।
जाने कौन है दीप्ति रावत भारद्वाज
दीप्ति रावत भारद्वाज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ी एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं और वर्तमान में पार्टी की महिला शाखा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन दिल्ली विश्वविद्यालय में एक छात्र नेता के रूप में शुरू किया, जहां वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ष 2002-2003 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की महासचिव चुनी गईं।
2022 में डोईवाला विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने की भी बात हो गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर प्रत्याशी बदल दिया गया था।
2021 में राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड उच्च शिक्षा उन्नयन समिति की उपाध्यक्ष रहीं दीप्ति रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया था। यह पहली बार हुआ कि जब बीजेपी की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की टीम में उत्तराखंड से किसी महिला को जिम्मेदारी दी गई हो।
दीप्ति ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने परिषद में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। 2002-03 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव चुनी गईं। साल 2007 में दीप्ती ने मात्र 25 साल की आयु में उत्तराखंड की तत्कालीन बीरोंखाल (वर्तमान में चौबट्टाखाल) विधानसभा क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। दीप्ति भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रहीं।
टीवी चैनल एंकर रह चुकी हैं
इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली है। उन्होंने अमेरिका में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एशिया पॉलिटिकल पार्टीज समेत कई अन्य अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में भाग लिया है। उन्होंने प्रतिष्ठित टीवी चैनल में एंकर के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा वे सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। सामाजिक गतिविधियों के लिए ऊर्जा फाउंडेशन का संचालन करती हैं।
दीप्ति महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित विभिन्न अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी पत्रकारिता की पृष्ठभूमि है, उन्होंने राजनीति में खुद को पूरी तरह से समर्पित करने से पहले मीडिया चैनलों के साथ काम किया है।