ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तराखंड के हल्द्वानी के गल्ला मंडी परिसर में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब मंडी क्षेत्र के पास एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शवों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
मृतक युवक और युवती के चेहरे बुरी तरह कुचले हुए पाए गए, जिससे उनकी पहचान 19 साल की लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और युवक 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा निवासी अल्मोडा के तल्ला खोल्टा के रूप में हुई। मौके से कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर शिनाख्त हुई।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों के बीच यह डबल मर्डर कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

