जोगेंद्र मावी, ब्यूरो

जन्मदिन पार्टी में हिस्ट्रीशीटर को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद शव को हाईवे पर फेंक दिया। भाई ने तीन नामजद समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक की हत्यारोपियों से पुरानी दुश्मनी थी लेकिन उसे फिर भी उन्होंने शराब पार्टी के बहाने बुला लिया था।

यूपी के मेरठ गंगानगर के मीनाक्षीपुरम निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ आदि गुर्जर (27) को बृहस्पतिवार की रात जन्मदिन पार्टी में पीट-पीटकर मार डाला। मृतक के भाई अंकुर ने शिवम पंडित निवासी परतापुर, रोहन जाट निवासी रजपुरा, सूरज निवासी परतापुर को नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मवाना के सीओ संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि मवाना खुर्द पुलिस चौकी चौकी से कुछ दूर हाईवे के किनारे शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे युवक का शव पड़ा मिला। गंगानगर के मीनाक्षीपुरम गली नंबर-4 निवासी पिता कमल सिंह, भाई अंकुर आदि परिजनों ने शव की पहचान अंकित उर्फ आदि गुर्जर के रूप में की।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

हिस्ट्रीशीटर अंकित हत्याकांड मामले में बृहस्पतिवार रात आठ बजे पत्नी दिव्या ने फोन किया तो अंकित ने बताया कि रजपुरा में रोहन जाट की जन्मदिन पार्टी चल रही है, एक घंटे बाद आ जाएगा। पत्नी ने 10 बजे फिर फोन किया तो उसने फिर से कुछ देर में आने की बात कही थी। रात 12.30 बजे मोबाइल बंद हो गया।

दोस्त शिवम पंडित को फोन किया तो उसका नंबर भी नहीं लगा। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह 10 बजे दोस्त शिवम ने अंकित के परिजनों को फोन कर बताया कि रात में कुछ लड़कों ने अंकित और उसे गाड़ी में जबरन अगवा कर लिया था।

उसे ट्रांसलेम कॉलेज के पास फेंककर आरोपी अंकित को ले गए थे। भाई अंकुर ने शिवम पंडित निवासी परतापुर, रोहन जाट निवासी रजपुरा, सूरज निवासी परतापुर व पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सीओ मवाना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि अंकित की हत्या किसी डंडे से पीटकर की गई है। दोनों पक्षों के बीच पहले कोई विवाद था। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।

8 साल पहले शादी, 9 अगस्त को ही मनाया था बेटी का बर्थडे

परिजनों ने बताया कि घर में पिता कमल, मां पुष्पा, पत्नी दिव्या और सात साल की बेटी खुशी, छोटा भाई अंकुर और उसकी पत्नी और दो शादीशुदा बहने हैं। छोटा भाई किसी की कार चलाता है। पिता भी ई-रिक्शा चलाते हैं। बीते 9 अगस्त को ही अंकित ने बेटी खुशी का घर में जन्मदिन धूमधाम से मनाया था।

आरोपियों ने मोबाइल किए बंद, शर्ट बदली

परिजनों के अनुसार, रोहन जाट, शिवम पंडित उसके दोस्त थे। रात में भी अंकित उन्हीं के साथ था। रोहन जाट रजपुरा का है। शिवम इंचौली के सैनी गांव का है और परतापुर में किराए पर रहता है। घटना के बाद से वह कमरा खाली करके लापता है। वहीं रोहन जाट भी नहीं हाथ आया है। परिजनों ने बताया कि अंकित जब घर से निकला था तो उसने सफेट शर्ट पहनी थी। जब शव मिला तो ब्लू रंग की शर्ट में था।

अंकित के खिलाफ गंगानगर थाने में दर्ज हैं 10 केस

सीओ संजय कुमार के मुताबिक अंकित पर गंगानगर, दौराला, मेडिकल और कंकरखेडा थाने में 10 मुकदमें लूट और चोरी के दर्ज हैं। वह गंगानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। 10 साल पहले मिल में काम करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *