ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार। ब्रह्मलीन मदन नाथ महाराज की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम पदार्थ स्थित मदन नाथ महाराज कुटिया में श्रद्धा और भक्ति के साथ हवन-पूजन, प्रसाद वितरण एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं, साधु-संतों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विधिविधान से हवन-पूजन के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन मदन नाथ महाराज की समाधि पर चादर चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए सेवा, त्याग और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा तथा जयकारों से माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी अमीचंद उर्फ गोपी के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी मदन नाथ महाराज का जीवन समाज के लिए आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि महाराज ने अपने जीवन में समाजसेवा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को सर्वोपरि रखा। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व संस्कारों से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में नरेंद्र नाथ योगी, डॉ. ओमपाल सिंह, रमेश कुमार, इसम पाल, रामजी लाल, सुनील कुमार, प्रेमदास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

