जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार—रुड़की विकास प्राधिकरण के सुशासन कैंप में जनपदवासियों को लाभ मिल रहा है। एक ही पटल पर आवेदन करते ही तत्काल नक्शा स्वीकृत हो रहे हैं। अभी तक लगाए गए चार कैंपों में 127 आवेदकों के नक्शे स्वीकृत हो चुके हैं। कैंप अभी सुचारू है। 17 दिसंबर को रुड़की कार्यालय में कैंप आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा आज सुशासन कैंप का सफल आयोजन ब्लॉक सभागार बहादराबाद हरिद्वार में किया गया। इससे पूर्व भी दो सुशासन कैंप आयोजित किए जा चुके हैं।

कैंप में बड़ी संख्या में आवेदक अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु पहुंचे। कैंप में एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र सेठ, अधीक्षण अभियंता राजन सिंह, सहायक अभियंता वर्षा, सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल, टेक्निकल कंसल्टेंट गोविंद, अवर अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मेलाधिकारी एवं एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका द्वारा विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को वास्तविक रूप से सुशासन का लाभ प्राप्त हो सके।

कैंप के दौरान—
चार कैंपों में 127 मानचित्र स्वीकृत किए गए, जिनमें 32 मानचित्रों सोमवार को लगाए गए कैंप के शामिल है। त्वरित समाधान और सहज प्रक्रिया से आवेदकों ने गहरी संतुष्टि व्यक्त की। धामी सरकार की इस पहल की एवं प्राधिकरण के कार्य की लाभार्थियों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की गई।

सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अगला सुशासन कैंप पुनः 17 तारीख को हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण, शाखा कार्यालय रुड़की के सभागार में आयोजित किया जाएगा। प्राधिकरण ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे सुशासन कैंप में पहुंचकर अपने निर्माण मानचित्र, शुल्क निस्तारण, तकनीकी समाधान एवं अन्य विकास संबंधी मुद्दों का त्वरित निस्तारण प्राप्त करें।

