जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
सहारनपुर जिले के गांव टाबर में अवैध खनन के चलते हुई एक दर्दनाक घटना में खनन माफिया ने ट्रैक्टर ट्रॉली से महिला को कुचल दिया। हादसे में 55 वर्षीय सुरेन्द्र कौर की मौत हो गई। इसके अलावा महिला को बचाने का प्रयास कर रहे उनके देवर सुखविंदर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे घटी, जब सरदार जगदीप उर्फ लाडी अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे और उन्होंने रास्ते में पाइप डाल रखा था।
इस दौरान हरियाणा के गांव पोभारी से खनन माफिया रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर इस रास्ते से आ रहे थे। जगदीप ने उन्हें पाइप के ऊपर से ट्रैक्टर ट्रॉली उतारने से मना किया, जिसके बाद वहां शोर-शराबा होने लगा।
जगदीप की मां सुरेन्द्र कौर, उनके चाचा सुखविंदर और अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे और खनन माफिया से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस विवाद के दौरान खनन माफिया ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर ट्रॉली को तीनों के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रॉली से महिला को कुचला गया, मौत
रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली महिला के ऊपर से गुजर गई, जिससे सुरेन्द्र कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला को बचाने के प्रयास में उनका देवर सुखविंदर भी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन माफिया लगातार इस रास्ते से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते आ रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस को इस अवैध खनन की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस की मिलीभगत के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में खनन माफिया अपनी अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि खनन माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पुलिस प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान दे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

