जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार ने अपने सरकारी आवास में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। अभी कोई सुसाइड नोट या कुछ अन्य कारण पुलिस के सामने नहीं आया है।
बिजनौर सदर तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात राजकुमार चौधरी ने बुधवार की सुबह करीब 10.30 पर तहसील परिसर में बने सरकारी आवास में लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली। उन्होंने घटना के समय खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया था। गोली की आवाज सुनकर स्वजन और अावास के बाद खड़े कर्मचारी अंदर पहुुंचे।
किसी प्रकार कमरे का दरवाजा तोड़कर उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकला गया और अधिकारियों की इसकी सूचना दी और गंभीर हालत में नायब तहसीलदार को लेकर अस्पताल की और दौड़े। पहले नायब तहसीलदार को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेरठ ले जाने की सलाह दी। बाद में कर्मचारी घायल को लेकर नगर स्थित बीना प्रकाश हास्पिटल पहुुंचे। यहां उनका उपचार शुरू किया गया।
हालांकि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर अस्पताल पहुंचे एसपी अभिषेक झा ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले ही नायब तहसीलदार प्रयागराज से घर लौटे थे और अपने कमरे में चले गए थे। इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। घटना स्थल से पुलिस को पिस्टल बरामद हुआ है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। अभी कोई सुसाइड नोट या कुछ अन्य कारण पुलिस के सामने नहीं आया है।
नायब तहसीलदार राजकुमार चौधरी — फाइल फोटो