ब्यूरो रिपोर्ट
भाजपा के युवा नेता एवं प्रधान के बेटे का ​कत्ल सुबह तड़के कर दिया गया। युवा नेता का शव सुबह 6 बजे सड़क पर औंधे मुंह मिला। मां की तहरीर पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। युवक की बुलेट पास में पड़ी मिली।
गाजीपुर जिले में भाजपा के जमानिया क्षेत्र के अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विश्वकर्मा राम की एक माह पूर्व ही सगाई हुई थी। घर पर खुशी का माहौल था। विश्वकर्मा राम ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि भी थे और मां प्रधान बिंदु देवी का भी कार्य देखते थे। बीते 27 जून को भूमि विवाद हुआ था। इस मामले में दस आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उन्होंने नौ जनवरी को भूमि खरीदी थी। जब वह भूमि को घेरने और चहारदीवारी का निर्माण कराने लगीं तो आरोपियों ने अवरोध उत्पन्न शुरू कर दिया था।
गाजीपुर के जमानिया कोतवाली के टिसौरा गांव के ग्राम प्रधान के बेटे व प्रतिनिधि विश्वकर्मा राम (26) की भूमि विवाद में पीटकर हत्या कर दी गई। उनका शव फुल्ली-दौदही नौली रजबाहा स्थित सड़क पर शुक्रवार की सुबह औधे मुंह मिला। पास ही बुलेट भी गिरी थी।
वह बृहस्पतिवार की रात बुआ के घर से लौट रहे थे। मां बिंदु देवी ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। विश्वकर्मा राम भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के जमानिया मंडल के अध्यक्ष थे।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान बिंदु देवी ने तहरीर देकर बताया कि भूमि को लेकर गांव के ही श्यामनारायण राय, राजेंद्र राय, सचितानंद राय, हिमांशु राय, मुकेश राय और अन्य से विवाद चल रहा है। पहले भी इन लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी।
आरोपी मामले में सुलह और भूमि छोड़कर जाने का दबाव बना रहे थे। रंजिश में आरोपियों ने बेटे विश्वकर्मा राम को जाने से मारने की धमकी दी थी। 11 दिसंबर को बेटा और पूरा परिवार शाहपुर गांव बुआ के घर निमंत्रण पर गया था। रात करीब 10 बजे विश्वकर्मा राम अपनी बुलेट से घर जा रहे थे।


आरोप लगाया कि रास्ते में फुल्ली और दौदही नौली रजबाहा के बीच रास्ते पिच रोड पर श्यामनारायण राय, राजेंद्र राय, सचितानंद राय, हिमांशु राय, मुकेश राय और अन्य घात लगाकर पहले से बैठे थे। बेटे के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने पीटकर उसकी हत्या कर दी।
दूसरे दिन सुबह फुल्ली गांव के लोग सड़क पर टहलने निकले तो शव देखकर घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मां की तहरीर पर आरोपियों व अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी गई है।
सुबह छह से दोपहर ढाई बजे तक थाने में रहा शव
फुल्ली- दौदही नौली रजबाहा स्थित सड़क पर पड़े विश्वकर्मा राम के शव को पुलिस सुबह 6 बजे ही थाने ले आई थी। जानकारी होते ही परिजन और करीब 500 लोग थाने पहुंच गए। विश्वकर्मा राम का शव देख परिजन और गांव के लोग आक्रोशित हो उठे। ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने लगे।
इधर जानकारी होते ही गहमर, सुहवल, रेवतीपुर, नगसर और जमानिया की पुलिस भी थाने पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही पहुंचे एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने समझाने के बाद मामला शांत कराया और मां बिंदु देवी की तहरीर पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस दोपहर 2.30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
ग्रामीण एएसपी अतुल सोनकर ने बताया कि टिसौरा ग्राम प्रधान और मृतक की मां बिंदु देवी की तहरीर पर टिसौरा गांव के ही श्यामनारायण राय, राजेंद्र राय, सचितानंद राय, हिमांशु राय और मुकेश राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बताया कि विश्वकर्मा राम भाजपा के जमानिया क्षेत्र के अनुसूचित मोर्चा के मंडलध्यक्ष थे। उनकी हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *