ब्यूरो रिपोर्ट

लालगंज सोफीपुर पटवांस निवासी लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के 36 वर्षीय नेवी ऑफिसर पोते विपिन सरोज की पल्हना-मसीरपुर मार्ग पर नरसिंहपुर बाजार के समीप बोलेरो के धक्के से मौत हो गई। वह बुलेट से लहुआ खुर्द में मुंडन समारोह से अपने साथी राजू के साथ दावत खाकर लौट रहे थे। हादसे के बाद बोलेरो लेकर चालक मौके से भाग निकला।

यह है पूरा मामला

देवगांव कोतवाली के सोफीपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान स्व. मदन राम के पुत्री की शादी देवगांव कोतवाली के (मडइया) लहुवां खुर्द गांव में हुई है। गुरुवार को उसी के बच्चे का मुंडन समारोह था। इसमें सम्मिलित होने मायके पक्ष के आधा दर्जन लोग बाइक से गए थे।

समारोह के भोज में सम्मिलित होकर रात्रि बाइक से सभी लोग वापस हो रहे थे। देवगांव कोतवाली के पल्हना-मसीरपुर मार्ग पर नरसिंहपुर बाजार पार करते ही सामने से आ रही बोलेरो से धक्का लग गया। हेलमेट न लगाने से बुलेट चला रहे विपिन को गंभीर चोट पहुंची।

पीछे बैठे साथी राजू को मामूली चोट लगी। साथियों की मदद से लालगंज के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आजमगढ़ लाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दरोगा प्रसाद सरोज के बेटों में सबसे बड़े स्व. विनोद सरोज के बेटे विपिन मर्चेंट नेवी में 10 साल से नौकरी कर रहे थे। कैप्टन विपिन दो महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। एक सप्ताह बाद अमेरिका में उनका ड्यूटी पर जाने का कार्यक्रम था।

अभी विपिन की गृहस्थी पूरी तरह कच्ची है। पुत्री अरोही सरोज सात व पुत्र आरव सरोज दो वर्ष का है। मृत विपिन दो भाई और तीन बहनों में बड़े थे। विपिन के सबसे छोटा भाई अभिषेक सरोज कैथी शंकरपुर के जिला पंचायत सदस्य हैं। पत्नी सुष्मिता सरोज, मां विमला सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। सांसद के पोते के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

सांसद के पोते की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। संसद चलने के कारण दिल्ली में मौजूद दरोगा प्रसाद सरोज पोते के निधन की खबर पाकर भोर में ही दिल्ली से घर आ गए।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी राष्ट्रीय महासचिव शैलेंद्र सिंह गुडू, वसीम अहमद, सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, दीदारगंज विधायक कमलाकांत राजभर, लालगंज विधायक बेचई सरोज, उमेश राय, अभिषेक मिश्रा समेत काफी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त की।

न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता

विपिन की मार्ग दुर्घटना में मौत से मार्टीनगंज तहसील बार एसोसिएशन के वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार के अध्यक्ष राम प्रताप यादव और मंत्री चंद्रभान आजाद के नेतृत्व में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने शोक सभा कर श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *