ब्यूरो रिपोर्ट
थाईलैंड के होटल में वृंदावन योजना स्थित एल्डिको सौभाग्यम निवासी डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव की पत्नी प्रियंका की मौत के मामले में रहस्य गहरा गया है। प्रियंका के पिता सेवानिवृत्त पीजीआई कर्मी सत्यनारायण का कहना है कि आशीष उनकी बेटी को मौज मस्ती और मन बहलाने का झांसा देकर ले गया था। बेटी की हत्या के सात घंटे पहले आशीष ने एक वीडियो भेजा था। 36 सेकंड के वीडियो में प्रियंका के आखिरी शब्द थे… यहां सच्चे प्यार करने वालों की कद्र नहीं होती।
सत्यनारायण शर्मा का आरोप है कि घूमने फिरने वाले माहौल में प्रियंका ने ऐसा क्यों बोला था? पुलिस को इसकी छानबीन करनी चाहिए। कहा, प्रियंका ने जानबूझकर ये लाइन बोली थी। वह एक संदेश देना चाहती थी कि उनके साथ ठीक नहीं हो रहा है। वीडियो में प्रियंका के बेटे का मसाज कराया जा रहा है, जिसमें पति-पत्नी नजर नहीं आ रहे हैं।
प्रियंका के घरवालों का कहना है कि आशीष का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आशीष युवती को लेकर दुधवा घूमने गया था। इस दौरान प्रियंका की आईडी से छेड़छाड़ कर युवती को वहां ठहराया था। इसकी जानकारी प्रियंका को हो गई थी। इसके बाद दोनों में विवाद हुआ था। प्रियंका की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के बाद आशीष की ओर से भी क्रॉस केस दर्ज कराया गया था।
प्रियंका और आशीष के पिता में हुई कहासुनी
सत्यनारायण का कहना है कि बेटी की मौत की खबर मिलने पर उन्होंने आशीष के पिता राधा रमण श्रीवास्तव को फोन किया। आरोप है कि घटना के बारे में पूछने पर राधा रमण भड़क गए। बोलने लगे कि सारा खर्चा मैं कर रहा हूं, तुम क्या कर रहे हो। इसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि बेटी की मौत पर ससुराल वाले रुपये खर्च होने की बात कर रहे हैं। आशीष के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत थे।
ये है मामला
प्रियंका शर्मा की थाईलैंड के एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उनके डॉक्टर पति आशीष श्रीवास्तव उन्हें व बेटे प्रियांश (03) को लेकर चार जनवरी को थाईलैंड गए थे। सेक्टर 16 बी वृंदावन योजना में रहने वाले प्रियंका के पिता सत्यनारायण शर्मा ने दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आशीष ने उन्हें आठ जनवरी को तड़के तीन बजे फोन कर प्रियंका के बाथटब में डूबने से मौत की सूचना दी थी। आशीष 10 जनवरी को बेटे के साथ देश लौट आया था। पीजीआई थाने की पुलिस उरई मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. आशीष के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर छानबीन कर रही है।
थाईलैंड से आया प्रियंका का शव,
आरोपी डॉक्टर पति के बयान दर्ज
थाईलैंड से प्रियंका शर्मा का शव मंगलवार रात अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा। पीजीआई पुलिस ने भी मामले की विवेचना शुरू कर दी है। मंगलवार को इंस्पेक्टर ने प्रियंका के पति आरोपी डॉ. आशीष श्रीवास्तव से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। आरोपी ने बाथटब में डूबने से ही मौत होने की बात दोहराई है।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि प्रियंका के पिता सत्यनारायण शर्मा ने पोस्टमार्टम कराने की अर्जी दी है। जरूरत पड़ने पर विधिक राय भी ली जाएगी और पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा। सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि चार जनवरी को बेटी थाईलैंड गई थी। 14 जनवरी को लौटना था, लेकिन बेटी की जगह उसका शव आया। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात शव एयरपोर्ट पर आ गया। परिजन शव लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने मना कर दिया। बुधवार सुबह आशीष को शव दिया जाएगा। सत्यनारायण ने इंस्पेक्टर पीजीआई को पोस्टमार्टम कराने के लिए पत्र दिया है। पुलिस बुधवार को फिर से पोस्टमार्टम कराएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
थाईलैंड के डॉक्टरों ने मौत का कारण कार्डियोपलमोनरी फेल होना बताया
थाईलैंड पुलिस ने घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया था। वहां के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियोपलमोनरी फेल होना बताया है। व्हाट्सएप पर परिजनों को इसकी कॉपी भी भेजी गई है। परिजनों का कहना है कि थाईलैंड की रिपोर्ट पर उन्हें भरोसा नहीं है। लखनऊ पुलिस मामले की पड़ताल करे तो सच्चाई सामने आ जाएगी।