जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी सेनानी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार जनपद के सभी सरकारी कार्यालय एक दिवस के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया, ताकि प्रशासनिक स्तर पर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र हरिद्वार जिलााधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल द्वारा अर्पित किया गया, जो राज्य सरकार की ओर से सर्वोच्च सम्मान का प्रतीक रहा।
श्री भट्ट जी का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे, हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा भारी जनसमूह की उपस्थिति में उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, दायित्वधारी ओमप्रकाश जमदग्नि, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, रानीपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, यूकेडी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष काशी सिंह एरी, यूकेडी के वर्तमान अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, एचआरडीए के सचिव मनीष सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राज्य आंदोलन में दिवाकर भट्ट जी की ऐतिहासिक भूमिका तथा 2007–2012 के दौरान राजस्व एवं खाद्य मंत्री के रूप में उनके योगदान को पूरे राज्य में गहरे सम्मान के साथ स्मरण किया जा रहा है।

