जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। लालढांग क्षेत्र में बिजली कटौती से क्षेत्रवासी परेशान है। बार—बार चेतावनी देने के बावजूद ऊर्जा निगम ने कोई सुधार नहीं किया तो क्षेत्रवासी धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हुए। उन्होंने कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। गुरजीत लहरी ने कहा कि यदि बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो जनआंदोलन चलाने को मजबूर होंगे।
लालढांग क्षेत्र में गैंडीखाता के साथ आसपास के गांवों में सर्दी शुरू होते ही बिजली कटौती शुरू हो गई। बिजली कटौती होने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। घरों में भी पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। किसान पशुओं के लिए चारा तक नहीं काट पा रहे हैं। कड़कड़ाती सर्दी में पड़े रहे कोहरे के कारण निकलना भी मुश्किल हो रहा है। रात में लाइट न जलने से जंगली जानवरों के आबादी में आने की जानकारी नहीं हो पाती है, ऐसे में क्षेत्र के किसी के साथ अनहोनी हो सकती है।
लंबे समय से बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर कांग्रेस नेता गुरजीत सिंह लहरी ने कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को चेताया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। बिजली कटौती की समस्या जस की तस बनी रही। ऐसे में लहरी के नेतृत्व में ग्रामवासी एकजुट हुए और बिजलीघर पर पहुंचकर आक्रोश जताया। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर खुली लूट करने, भ्रष्टाचार करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही भाजपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया।
गुरजीत सिंह लहरी ने कहा कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। धरने प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। इस मौके पर भगवान सिंह उत्तराखंडी राज्य आंदोलनकारी, पूर्व प्रधान टीकाराम सैनी, यूसुफ़ गुज्जर, आदिल गुज्जर, विजेंद्र सैनी, अज़हर भड़ाना, दीपक सैनी, अर्जुन सेनी, मुस्तफ़ा चौहान, अशोक सेनी, बिरजू सैनी, सचिन कलुरा, गुलफाम कसाना, कुलदीप रमोला आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *