जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
दून विहार कॉलोनी में सोमवार रात को 52 वर्षीय पंकज मिश्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनकी पत्नी ने बताया है कि पंकज को रात करीब साढ़े तीन बजे पेट दर्द हुआ था। वह टॉयलेट गए लेकिन बाहर निकलते समय फिसलकर गिर गए, क्योंकि उनका वजन काफी था इसलिए वह उन्हें बेड तक नहीं ले जा सकी। वहीं कंबल ओढ़ा दिया था। उसके बाद खुद सो गई थीं। सुबह पति होश में नहीं आए तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया।
मृतक पंकज मिश्रा के छोटे भाई अरविंद मिश्रा ने इस मामले में राजपुर थाने में तहरीर दी थी, उसी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को पंकज मिश्रा का पोस्टमॉर्टम हो गया था, लेकिन परिजनों की अपील पर आज बुधवार दोबारा से पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।
साथ में शराब पीते वक्त दो लोगों से हुआ था झगड़ा
इससे पहले सोमवार शाम उनके साथ एक घटनाक्रम हुआ। मौत से कुछ घंटे पहले पंकज ने अपने घर में दो लोगों के साथ शराब पी थी। किसी बात पर उनके बीच मारपीट हो गई थी, जिसकी पुलिस कॉल हुई। चीता पुलिस मौके पर गई। पड़ोसी भी वहां जमा थे। पुलिस का कहना है कि पंकज नशे में थे। उन्होंने अपनी मेडिकल जांच कराने और शिकायत देने से मना कर दिया था। इस वजह से चीता पुलिस वापस लौट गई थी। सुबह फिर से पुलिस को उनके बेसुध होने की कॉल मिली तो अस्पताल लेकर गए।

शरीर पर चोट के निशान नहीं, विसरा जांच होगी
पंकज कहीं नौकरी या व्यवसाय नहीं करते थे। वह स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते थे। उनके साथ रात में शराब पीने वाले भी सोशल मीडिया पर पोर्टल चलाने वाले बताए जा रहे हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक के शव पर ऊपरी तौर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। देर शाम पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। उनका विसरा सुरक्षित रखवाया है, जिससे उनके खाने-पीने का पता चलेगा। विसरा एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा।
परिजनों की शिकायत पर जांच के निर्देश
पंकज मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले थे। दून विहार में मकान नंबर-187 में 30 वर्षीय पत्नी के साथ किराये पर रहते थे। एसएसपी ने बताया कि लखनऊ में उनके परिजनों को सूचना दी गई है। वे देर रात तक देहरादून पहुंचेंगे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि पंकज मिश्रा की मौत के बाद देहरादून के थाना राजपुर में मुंबई से लौट पंकज के भाई ने देर रात पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर थाना राजपुर पुलिस ने आरोपी अमित सहगल और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 103, 304, 333 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस हर पहलू में जांच कर रही है और जल्द ही घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अरविंद मिश्रा का आरोप है कि जिस तरह से कल पोस्टमॉर्टम हुआ तो उनको शक है कि आरोपी अमित सहगल ने कोई सेटिंग तो नहीं कर ली है, क्योंकि अमित सहगल का इतिहास है कि वह डॉक्टर को ब्लैकमेल करता है। इसी डर के कारण रिपोर्ट में हेराफेरी हो सकती थी।

