जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार के रुड़की तहसील निवासी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र मलिक का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वे देहरादून में तैनात थे। मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर पुलिस अधिकारियों ने शोक जताया।
निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक जो वर्तमान समय में अभिसूचना देहरादून में नियुक्त थे। फिलहाल वे अवकाश पर चल रहे थे। वे रुड़की में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 14 मार्च की रात्रि आनंदा अस्पताल मेरठ में उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया।
दिवंगत धर्मेंद्र कुमार मलिक के आकस्मिक निधन पर पुलिस अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा दुख की इस घड़ी में शोक संतृप्त परिवार को धैर्य व शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से कामना की। दिवंगत धर्मेंद्र कुमार मलिक अपने सौम्य/शालीन व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले तथा अपने कर्तव्य के प्रति संवेदनशील तथा पूर्ण रूप से समर्पित थे। वे वर्ष 1989 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2009 में उपनिरीक्षक एवं वर्ष 2025 में निरीक्षक के पद पर पदोन्नति हुए थे, जो मूल रूप से रुड़की, हरिद्वार के रहने वाले थे।
फाइल फोटो — इंस्पेक्टर धर्मेंद्र मलिक।