जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के बहादराबाद ब्लॉक स्थित ग्राम अजीतपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मिड-डे मील के लिए स्कूली बच्चों से लकड़ियां ढुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश जारी किए।प्रशासनिक स्तर पर कराई गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरस्वती चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना नियमों के विरुद्ध है और यह न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि बाल अधिकारों का भी उल्लंघन है।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में विद्यालय के बच्चे मिड-डे मील के लिए लकड़ियां ढोते नजर आ रहे थे। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने सवाल उठाया कि विद्यालय में पढ़ाई करने आने वाले मासूम बच्चों से इस तरह श्रम क्यों कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में मिड-डे मील संचालन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बच्चों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *